IND vs BAN: नितीश रेड्डी-रिंकू सिंह के तूफ़ान में उड़ी बांग्लादेशी टीम, भारत ने बनाया 221 का स्कोर
IND vs BAN: दिल्ली में दूसरे टी20 मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने बांग्लादेश के गेंदबाजों की धज्जियाँ उड़ा दी। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। भारत के लिए नितीश रेड्डी और रिंकू सिंह का बल्ला जमकर चला। दोनों ने गदर मचा दिया।
टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और यह सही साबित हुआ। भारतीय ओपनर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा का बल्ला नहीं चला। दोनों क्रमशः 10 और 15 के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला भी खामोश रहा और वह 8 रन बनाकर चलते बने।

3 विकेट 41 के कुल योग पर गिरने के बाद टीम इंडिया के लिए नितीश रेड्डी और रिंकू सिंह ने गदर मचा दिया और बांग्लादेशी गेंदबाजों की जमकर कुटाई कर डाली। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए शतकीय भागीदारी की। नितीश ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए फिफ्टी जड़ी।
नितीश ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक जड़ने के बाद भी आक्रामक तेवर दिखाए। वह 7 छक्कों और 4 चौकों से 34 गेंदों में 74 रन बनाकर आउट हुए। उधर रिंकू सिंह का बल्ला भी लगातार आग उगल रहा था और उन्होंने भी धमाकेदार फिफ्टी जमा दी। रिंकू ने 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 29 गेंदों में 53 रनों की पारी खेली।
इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने पर हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभालते हुए धमाल मचाया और कुछ आकर्षक शॉट जड़े। भारत का फोकस सिर्फ रन बनाने पर था। इस दौरान विकेट भी गिरे लेकिन रन गति बनी रही। पांड्या ने 19 गेंदों का सामना करते हुए 32 रन बनाए।
उनके अलावा रियान पराग ने 15 रन बनाए। अर्शदीप सिंह ने भी एक छक्का जमाया। इस तरह सभी प्लेयर्स ने अपना पूरा प्रयास किया और भारतीय टीम को 9 विकेट पर 221 के स्कोर तक पहुंचा दिया। रिशाद हुसैन ने बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किये। तस्कीन अहमद, तंजीम हसन, मुस्ताफिजुर रहमान ने 2-2 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications