IND vs SL: क्या लखनऊ T20 में बारिश देने वाली है खलल, जाने कैसा रहेगा पिच का मिजाज
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के नये कप्तान रोहित शर्मा के टीम की कमान संभालने के बाद टीम इंडिया लगातार 3 सीमित ओवर्स प्रारूप की सीरीज में विपक्षी टीम को क्लीन स्वीप कर चुकी है, जिसके बाद अब वो गुरुवार (24 फरवरी) से श्रीलंका के खिलाफ भी यह कारनामा कर इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज की मेजबानी करनी है जिसका पहला मैच आज लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी एकाना स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जायेगा। सीरीज के बचे हुए 2 मैचों का आयोजन धर्मशाला के मैदान पर 26 और 27 फरवरी को किया जाना है।

भारत को श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलने के बाद 2 मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है, जिसका पहला मैच मोहाली के मैदान पर 4 से 8 मार्च के बीच खेला जायेगा तो वहीं पर दूसरा मैच बेंगलुरु के मैदान पर 12 से 16 मार्च के बीच पिंक बॉल प्रारूप में खेला जायेगा। भारतीय टीम इस सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे और टी0 सीरीज को क्लीन स्वीप करने के बाद पहुंची है तो वहीं पर श्रीलंका की टीम ऑस्ट्रेलिया के हाथों 5 मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से मात खाकर आ रही है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस सीरीज में भी आसान जीत हासिल करती नजर आयेगी।
और पढ़ें: IND vs SL: गंभीर है दीपक चाहर की इंजरी, सिर्फ श्रीलंका सीरीज ही नहीं आईपीएल से भी हो सकते हैं बाहर

जानें कैसा रहने वाला है मौसम का हाल
उल्लेखनीय है कि आज उत्तर भारत में कई राज्यों का मौसम बारिश के अनुसार है, जिसमें दिल्ली और यूपी के कुछ इलाके भी शामिल है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या लखनऊ में खेले जाने वाले पहले टी20 मैच में बारिश दखल दे सकती है। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में आज सारा दिन बादल छाये रहेंगे लेकिन बारिश होने की संभावना 5 प्रतिशत से भी कम है, ऐसे में फैन्स को इस बात से राहत मिल सकती है कि बारिश खेल बिगाड़ती हुई नजर नहीं आयेगी। लखनऊ में आज का तापमान 17-18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और शाम का मैच होने की वजह से तेज हवा और आद्रता देखने को मिल सकती है।

कैसा है पिच का हाल
लखनऊ के श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम की बात करें तो यहां पर अक्सर बल्लेबाजों को मदद मिलते हुए देखा जाता है, जिसकी वजह से टीमों का औसत स्कोर 160 से ज्यादा का रहा है। इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिलता है जबकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी टीम थोड़ा मुश्किल में नजर आती है। इस मैदान पर खेले गये अब तक 7 टी20 मैचों में पहले खेलते हुए टीमों ने 4 मैच में जीत हासिल की है, जबकि दूसरी पारी में खेलते 3 जीत मिली है। इसके बावजूद यहां पर ओस का प्रभाव नजर आयेगा, ऐसे में टीमें पहले गेंदबाजी का फैसला लेती हुई नजर आ सकती हैं।

जानें कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
गौरतलब है कि श्रीलंका के मिस्ट्री स्पिनर वहिदु हसरंगा अभी भी कोरोना संक्रमण से उबर नहीं सके हैं, जबकि कुशल मेंडिस और महीश तीक्ष्णा हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं, ऐसे में इन 3 खिलाड़ियों का टीम की प्लेइंग 11 में शामिल होना मुश्किल नजर आ रहा है। भारतीय टीम के लिये दीपक चाहर और सूर्यकुमार यादव चोट की वजह से बाहर हो गये हैं, तो ऐसे में रुतुराज गायकवाड़ को प्लेइंग में जारी रखा जा सकता है, तो वहीं पर संजू सैमसन, रविंद्र जडेजा और बुमराह को भी मौका दिया जा सकता है।
भारत की संभावित XI: रुतुराज गायकवाड़, ईशान किशन (WK), श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा (C), संजू सैमसन, वेंकटेश अय्यर, रवींद्र जडेजा, हर्षल पटेल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह।
श्रीलंका की संभावित XI: पथुम निसानका, दनुष्का गुणथिलका, कामिल मिशारा (WK), दिनेश चांदीमल, चरित असलंका, दासुन शनाका (C), चमिका करुणारत्ने, जेफरी वांडरसे, प्रवीण जयविक्रमा, दुष्मंथा चमीरा, लाहिरु कुमारा।












Click it and Unblock the Notifications