मुस्तफिजुर को बाहर करने पर डूबा KKR का पैसा? क्या बांग्लादेश जाएंगे शाहरुख़ के 9.20 करोड़ रुपये, मच गई खलबली
Mustafizur Rahman: मुस्ताफिजुर रहमान के आईपीएल 2026 से बाहर होने की खबर ने न केवल खेल प्रेमियों को चौंकाया है, बल्कि अब इस पूरे मामले में एक बड़ा वित्तीय मोड़ भी आ गया है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने नीलामी में इस बांग्लादेशी गेंदबाज पर 9.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली लगाई थी, लेकिन बीसीसीआई (BCCI) के हस्तक्षेप के बाद उनका सफर सीजन शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या केकेआर के ये करोड़ों रुपये बर्बाद हो जाएंगे या टीम को यह पैसा वापस मिलेगा? सोशल मीडिया पर भी लोगों द्वारा कई तरह के दावे किये जा रहे हैं, ऐसे में आईपीएल का नियम जानना जरूरी हो जाता है कि आखिर बांग्लादेशी खिलाड़ी पर लगे पैसे का क्या होगा?

आईपीएल का अनुबंध एक त्रिपक्षीय समझौता होता है, जिसमें खिलाड़ी, फ्रेंचाइजी और बीसीसीआई शामिल होते हैं। चूंकि मुस्ताफिजुर को बीसीसीआई के सीधे निर्देश और कूटनीतिक कारणों से हटाया गया है, इसे एक विशेष स्थिति माना जा रहा है। यह मामला 'नो वर्क, नो पे' (No Work, No Pay) के दायरे में आता है।
Mustafizur Rahman मामले में क्या हुआ?
जब कोई खिलाड़ी किसी भी कारण से टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध नहीं होता या उसका अनुबंध रद्द कर दिया जाता है, तो फ्रेंचाइजी उसे भुगतान करने के लिए बाध्य नहीं होती। यहां खिलाड़ी को कूटनीतिक कारणों से इवेंट से काफी पहले बाहर किया गया है, ऐसे में राशि देने का कोई मामला नहीं बनता।
इसका सीधा मतलब यह है कि केकेआर को मुस्ताफिजुर को 9.20 करोड़ देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा, बीसीसीआई के नियमों के तहत यह राशि केकेआर के 'पर्स' में वापस जोड़ दी जाएगी। इससे शाहरुख खान की टीम को एक बड़ी आर्थिक मजबूती मिलेगी, जिसका इस्तेमाल वे मुस्ताफिजुर के रिप्लेसमेंट के तौर पर किसी दूसरे घातक विदेशी गेंदबाज को साइन करने में कर सकते हैं।
Mustafizur Rahman को नुकसान?
जहां तक मुस्ताफिजुर के नुकसान की बात है, तो तकनीकी रूप से उन्हें आईपीएल से मिलने वाली इस मोटी रकम से हाथ धोना पड़ेगा। खिलाड़ी को बाहर करने पर केकेआर को कोई नुकसान नहीं है। यहां बीसीसीआई भी सीधे तौर पर मामले में शामिल है। चोट या अन्य किसी कारण से प्लेयर बाहर होता, तो पैसे देने पड़ते। राजनीतिक और कूटनीतिक कारण आते हैं, तो वहां मामला सरकार के हाथ में भी चला जाता है।












Click it and Unblock the Notifications