MI vs SRH: राहुल-पूरन के दम पर हैदराबाद ने मुंबई को पिलाया पानी, काम आया प्रियम गर्ग को खिलाने का प्लान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का लीग स्टेज अपने आखिरी हफ्ते में पहुंच चुका है और अभी भी प्लेऑफ के लिये सिर्फ एक ही टीम क्वालिफाई कर पाई है। इस बीच प्लेऑफ की रेस में बनी हुई टीमों के बीच लगभग हर मैच करो या मरो का मैच हो चला है। इस फेहरिस्त में शामिल सनराइजर्स हैदराबाद टीम भी 65वेें मैच में मुंबई इंडियंस से भिड़ी और लगातार 5 मैचों से चले आ रहे हार के सिलसिले को रोकने के लिये जबरदस्त शुरुआत की और निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 193 रनों का स्कोर खड़ा किया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने इस मैच में अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए शशांक सिंह को बाहर कर प्रियम गर्ग को पहली बार इस सीजन खेलने का मौका दिया, हालांकि गर्ग ने जिस तरह से पारी खेली उसे देखकर यही लगा कि हैदराबाद की टीम ने उन्हें लाने में काफी देर कर दी, अगर हैदराबाद उन्हें पहले ही लेकर आती तो शायद वो प्लेऑफ में पहुंचने के लिये संघर्ष करती हुई नजर नहीं आती।
और पढ़ें: इंग्लैंड दौरे पर एक साथ दो देशों में खेलती नजर आयेगी भारतीय टीमें, एक ही दिन में खेले जायेंगे दो मैच

हैदराबाद के लिये काम कर गया प्रियम गर्ग का दांव
हैदराबाद के लिये अभिषेक शर्मा (9) और प्रियम गर्ग (42) का आगाज करते हुए 18 रन ही जोड़े थे कि डैनियल सैम्स ने अभिषेक शर्मा का विकेट लेकर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई। हालांकि राहुल त्रिपाठी (76) ने यहां पर प्रियम के साथ न सिर्फ पारी संभाली बल्कि तेजी से रन बनाते हुए दूसरे विकेट के लिये महज 43 गेंदों में 78 रनों की साझेदारी कर डाली। यहां पर प्रियम गर्ग ने 26 गेंदों का सामना कर 4 चौके और 2 छक्के के दम पर 42 रनों की पारी खेली। गर्ग भले ही अपने अर्धशतक से चूक गये हों लेकिन अपनी इस पारी के दम पर हैदराबाद को वो शुरुआत दिला दी जिसकी उसे पिछले कई मैचों से तलाश थी। रमनदीप सिंह ने गर्ग का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ने का काम किया।

त्रिपाठी-पूरन ने भी खेली विस्फोटक पारी
गर्ग के आउट होने का असर राहुल त्रिपाठी (76) पर बिल्कुल भी नहीं पड़ा और उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। राहुल त्रिपाठी ने निकोलस पूरन (38) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिये 43 गेंदों में 76 रनों की साझेदारी कर डाली और अपनी टीम को एक बड़े स्कोर की तरफ बढ़ाया। इस दौरान राहुल त्रिपाठी ने अपने आईपीएल करियर का 10वां अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान त्रिपाठी ने 44 गेंदों का सामना कर 9 चौके 3 छक्के लगा कर 76 रनों की पारी खेली तो वहीं पर निकोलस पूरन ने 22 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 38 रनों की पारी खेली।

17वें ओवर में गेंदबाजों ने कराई वापसी
राहुल और पूरन की बल्लेबाजी के दम पर हैदराबाद की टीम आसानी से 200 रन के पार पहुंचती नजर आ रही थी लेकिन 17वें ओवर में राइली मेरेडिथ ने निकोलस पूरन का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ने का काम किया तो वहीं पर 18वें ओवर में रमनदीप सिंह ने एक ही ओवर में राहुल त्रिपाठी और एडेन मार्करम का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करा दी। इसके चलते सनराइजर्स हैदराबाद की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 193 रन का ही स्कोर खड़ा कर सकी।












Click it and Unblock the Notifications