रोहित शर्मा का फ्लॉप शो बन रहा है मुंबई की हार का कारण? 6 मैच के बाद भी पहली जीत का है इंतजार
नई दिल्ली, अप्रैल 16। IPL 2022 के आगाज के बाद से ही दो चैंपियन टीमें मुंबई और चेन्नई पॉइंट टेबल में सबसे आखिरी पायदान पर चल रही थीं। चेन्नई को तो टूर्नामेंट की पहली जीत मिल गई, लेकिन मुंबई को 6 मैच खेलने के बाद भी अपनी पहली जीत की तलाश है। मुंबई इंडियंस का यह प्रदर्शन वाकई इस बार हर किसी को हैरान कर रहा है। शनिवार को लखनऊ सुपर जॉयंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा और यह टूर्नामेंट में मुंबई की लगातार छठवीं हार है।

रोहित का फ्लॉप शो बना रहा है हार का कारण?
वैसे तो सभी मैचों में देखा जाए तो मुंबई इंडियंस की हार के कई कारण हैं, लेकिन टीम के कप्तान रोहित शर्मा का फ्लॉप शो इसका प्रमुख कारण है। रोहित शर्मा ना तो बल्ले से अभी तक कुछ खास कर पाए हैं और ना ही कप्तानी में उनका पहले जैसा जोश दिख रहा है। आज के मैच में भी रोहित शर्मा का बल्ला शांत ही रहा और वो सिर्फ 6 रन बनाकर आवेश खान का शिकार हुए।

रोहित नहीं लग रहे 'हिटमैन'
ऐसा लगता है कि 34 साल के रोहित शर्मा टीम इंडिया की कप्तानी के भार तले दबे हुए हैं, क्योंकि रोहित अभी तक अपने पुराने अंदाज में नहीं दिखे हैं। टूर्नामेंट के 6 मैचों में रोहित ने अभी तक सिर्फ 19 की औसत से 114 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 129 का रहा है। इन 6 पारियों में उनका बेस्ट स्कोर 41 रहा है। खराब बल्लेबाजी के अलावा रोहित शर्मा कप्तानी के डिपार्टमेंट भी फ्लॉप हो रहे हैं। मैदान पर वो चैंपियन टीम के कप्तान नजर ही नहीं आते।

IPL 2022 में रोहित की 6 पारियां
- 27 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले मैच में रोहित ने 41 रन बनाए थे
-2 अप्रैल को राजस्थान के खिलाफ रोहित सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए थे।
- 6 अप्रैल को तीसरे मैच में केकेआर के खिलाफ रोहित ने 3 रन बनाए थे
- 9 अप्रैल को आरसीबी के खिलाफ रोहित ने 26 रन की पारी खेली थी।
- 13 अप्रैल को पंजाब के खिलाफ रोहित ने 28 रन बनाए थे।
- 16 अप्रैल यानि कि आज के मैच में रोहित लखनऊ के खिलाफ सिर्फ 6 रन पर आउट हो गए।
ये भी पढ़ें: IPL 2022 : मुंबई छठा मैच हारा, लेकिन पहुंच सकता है प्लेऑफ में, बचा सिर्फ एक रास्ता












Click it and Unblock the Notifications