CSK vs PBKS: माही की आंखों में दिखी मायूसी, IPL से बाहर होते ही छलका कप्तान MS Dhoni का दर्द
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए आईपीएल 2025 की उम्मीदें 30 अप्रैल की शाम ठंडी पड़ गईं। पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 'करो या मरो' मुकाबले में मिली हार ने ना सिर्फ प्लेऑफ की राह बंद कर दी, बल्कि मैदान पर कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) की मायूसी भी साफ-साफ नजर आई। मैच के बाद माही का चेहरा सिर्फ हार की कहानी नहीं सुना रहा था, बल्कि टीम की कमजोरियों की खुली किताब भी बन चुका था।
मैच के बाद धोनी ने सबसे पहले टीम की फील्डिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने साफ कहा कि, 'हमें कैच पकड़ने होंगे, इससे विपक्षी टीम पर दबाव बनता है। धोनी का इशारा था कि पूरे सीजन में फील्डिंग में जो चूक CSK से हुई, वही अंत में भारी पड़ी।

करन और ब्रेविस की साझेदारी की तारीफ
मैच खत्म होने के बाद धोनी ने ब्रॉडकास्टर से बातचीत में कहा कि, 'यह पहली बार था जब हमने बोर्ड पर पर्याप्त रन बनाए, लेकिन यह टक्कर का स्कोर देने के लिए थोड़ा कम था। यह बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन हमें थोड़ा और चाहिए था। करन और ब्रेविस के बीच साझेदारी शानदार हुई। मुझे लगता है कि हमें अपने कैच पकड़ने की जरूरत है।'
उन्होंने कहा कि, 'मुझे लगता है कि करन एक योद्धा है, हम सभी जानते हैं। दुर्भाग्य से जब भी हमने उसे अब तक मौका देने की कोशिश की है, तो यह एक धीमा विकेट था, लेकिन आज का विकेट इस सीजन में हमारे घरेलू मैदान पर सबसे अच्छा था। ब्रेविस के पास अच्छी ताकत है। वह एक शानदार फील्डर है। वह मैदान में भी एनर्जी लाता है। वह आने वाले सीजन में हमारे लिए शानदार हथियार हो सकता है।'
करन-ब्रेविस की साझेदारी बेकार गई
सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सैम करन (88 रन) और डिवाल्ड ब्रेविस (78 रन की साझेदारी) की बदौलत 190 रन बनाए। लेकिन माही मानते हैं कि ये स्कोर 'पार स्कोर' नहीं था। उन्होंने कहा कि, 'हमने आखिरी चार बॉल नहीं खेलीं और 19वें ओवर में चार विकेट गंवा दिए। यही 7 बॉल टी20 में बड़ा फर्क लाती हैं।
चहल की हैट्रिक ने बदली तस्वीर
जब लग रहा था कि सीएसके 200 के पार जाएगा, तभी युजवेंद्र चहल ने अपना दूसरा आईपीएल हैट्रिक लेकर मैच की दिशा बदल दी। यही वो मोड़ था जिसने चेन्नई की पारी की रफ्तार को रोक दिया।
अय्यर-प्रभसिमरन ने दिलाई जीत
PBKS की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर ने 72 रन की ठोस पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 54 रन बनाकर मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर वो काम किया, जो इस सीजन सीएसके की टीम बार-बार करने में चूक गई- मैच को फिनिश करना।
अब सिर्फ सम्मान की लड़ाई बाकी
इस हार के बाद चेन्नई की प्लेऑफ की 'गणितीय उम्मीदें' भी खत्म हो चुकी हैं, जबकि टीम के अभी चार लीग मैच बाकी हैं। अब ये चार मैच माही और उनकी टीम के लिए सिर्फ सम्मान बचाने का मौका होंगे।












Click it and Unblock the Notifications