Mohammed Shami की आग उगलती गेंदों ने मचाई तबाही, 8 विकेट लेकर खटखटाया टीम इंडिया का दरवाजा
Mohammed Shami 8 wicket In Ranji Trophy: भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उम्र और चोट उनके जज्बे को कम नहीं कर सकती। रणजी ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेलते हुए शमी ने 8/90 का जादुई स्पेल डाला। यह उनके प्रथम श्रेणी (First-Class) करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मोहम्मद शमी का दमदार प्रदर्शन (Mohammed Shami 8 wicket In Ranji Trophy)
कल्याणी के बंगाल क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर मंगलवार को उनके इस प्रदर्शन की बदौलत बंगाल ने पहली पारी में 26 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है। नवंबर 2024 में लंबी चोट के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने वाले 35 वर्षीय शमी इस सीजन में लगातार पसीना बहा रहे हैं। मौजूदा रणजी सीजन की 12 पारियों में वह अब तक 36 विकेट झटक चुके हैं। विकेट लेने वालों की सूची में वह फिलहाल छठे स्थान पर हैं। यह आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि शमी न केवल फिट हैं, बल्कि अपनी पुरानी लय और धार भी हासिल कर चुके हैं।

अजीत अगरकर और चयन समिति पर दबाव
मोहम्मद शमी का यह प्रदर्शन सीधे तौर पर बीसीसीआई की चयन समिति और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के लिए एक संदेश है। बता दें कि साल 2025 की शुरुआत में टी20 अंतरराष्ट्रीय और चैंपियंस ट्रॉफी की जीत में शामिल रहने के बाद से शमी को भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है। पिछले साल अगरकर ने स्पष्ट किया था कि चयनकर्ताओं को यह देखना होगा कि क्या शमी पांच दिवसीय क्रिकेट की कड़ी चुनौतियों के लिए तैयार हैं।
फिटनेस को लेकर उठे थे सवाल
चयन समिति ने पिछले साल वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में शमी को नजरअंदाज किया था, यह तर्क देते हुए कि उन्हें अपनी फिटनेस साबित करने के लिए घरेलू क्रिकेट में अधिक मैच खेलने होंगे। अब रणजी सेमीफाइनल में 8 विकेट लेकर शमी ने उस 'फिटनेस टेस्ट' का जवाब अपने प्रदर्शन से दे दिया है।
अपनी हालिया सफलता पर शमी का रुख बेहद पेशेवर रहा है। उन्होंने पहले भी कहा था कि उनका एकमात्र लक्ष्य फिट रहना और भारतीय टीम के लिए हमेशा उपलब्ध रहना है। उनके मुताबिक मैदान पर प्रदर्शन करना उनके हाथ में है और टीम में जगह मिलेगी या नहीं, यह फैसला पूरी तरह चयनकर्ताओं का है।












Click it and Unblock the Notifications