WTC Final से पहले मोहम्मद कैफ ने की कोहली और गिल की तुलना, बताया किससे होगा ऑस्ट्रेलियाई टीम को खतरा
WTC Final 2023: मोहम्मद कैफ ने कहा कि शुभमन गिल की बल्लेबाजी विराट कोहली की तुलना में सचिन तेंदुलकर के समान है, हालांकि, विराट में अभी भी 'कमजोरियां' हैं। कैप ने कोहली की बात करते हुए 2014 सीरीज का भी जिक्र किया।

Sports News: टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के प्रदर्शन ने वर्तमान में सभी को हैरान कर दिया है, फिर चाहे आईपीएल हो या कोई अन्य मुकाबला उनका बल्ला लगातार गरज रहा है। ऐसे में उभरते सितारे शुभमन गिल के आगमन ने विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के बीच बेहतर बल्लेबाज कौन है, इस पर पहले से मौजूद, या लंबे समय से चली आ रही बहस में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
इस बीच भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि इस मैच में कंगारुओं को टीम इंडिया के उभरते हुए स्टार क्रिकेटर शुभमन गिल से बड़ा खतरा है।
दरअसल, यह तो स्पष्ट हो चुका है कि क्रिकेट में वर्तमान समय गिल का है। उन्होंने पहले से ही पांच अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए हैं, जिसमें टी20ई में पहला शतक और वनडे में रिकॉर्ड दोहरा शतक शामिल है, और इसके बाद हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2023 सीजन में चार शतक लगाए थे।
स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा कि, 'गिल की बल्लेबाजी कोहली की तुलना में सचिन के समान है, जबकि मैं सचिन से विराट कोहली की तुलना करूं तो उनमे अभी भी कुछ कमजोरियां हैं।' इस बीच अनुभवी भारतीय क्रिकेटर ने इंग्लैंड में कोहली की परेशान करने वाली 2014 सीरीज की ओर भी इशारा किया।
कैफ ने कहा कि, 'सचिन भी एक बहुत ही संगठित बल्लेबाज थे। अगर मैं सचिन और विराट की तुलना करता हूं, तो विराट में अभी भी कुछ कमजोरियां हैं। जब वह इंग्लैंड गए (2014 में) तो वह आउट ऑफ फॉर्म थे। ऑफ स्टंप के बाहर जेम्स एंडरसन ने उन्हें काफी परेशान किया और उनके पास इसका कोई जवाब नहीं था। वह उस सीरीज में पूरी तरह से फ्लॉप रहे थे।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'मुझे लगता है कि गिल की तकनीक तेंदुलकर के समान है। इस समय उसे आउट करना काफी मुश्किल है। उनके खेल में कोई कमजोरी नहीं है। विराट और सचिन दोनों दिग्गज हैं। मैं दोनों के साथ खेला हूं, लेकिन कोहली की अपनी कमजोरियां हैं।' कैफ ने कहा, 'तकनीक और मानसिक मजबूती के मामले में गिल सचिन जैसे महान खिलाड़ी बनने की राह पर हैं।'












Click it and Unblock the Notifications