मोहम्मद अजहरुद्दीन ने विराट कोहली को लेकर की भविष्यवाणी, बताया- कब होगी फॉर्म में वापसी
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली पिछले काफी समय से अपनी बैटिंग फॉर्म से संघर्ष करते नजर आये हैं, जिसके चलते उनकी फॉर्म लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। नवंबर 2019 के बाद से विराट कोहली के बल्ले से लगातार शतक का सूखा चल रहा है और धीरे-धीरे कर के उनके बल्ले से बड़ी पारियां आना बंद हो गई, जिसने न सिर्फ उनके फैन्स बल्कि दुनिया भर के दिग्गज भी परेशानी में नजर आये हैं। इस दौरान भले ही विराट कोहली कितना भी यह कहते नजर आये हैं कि उन्हें इसके चलते कोई परेशानी नहीं हो रही है लेकिन कोहली के रनों का सूखा लगातार भारतीय टीम के लिये चिंता का विषय बना हुआ है।

हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2021 में भी विराट कोहली का सीजन कुछ खास नहीं रहा और वो 16 मैचों में 22.73 की औसत से सिर्फ 341 रन ही बना सके, जो कि भारतीय टीम के लिये खतरे की घंटी बजा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में इस साल खेले जाने वाले टी20 विश्वकप को देखते हुए विराट कोहली का फॉर्म में वापस आना काफी जरूरी है।
और पढ़ें: जब बाबर आजम ने पेप्सी का एड छोड़ने की दी थी धमकी, मोहम्मद रिजवान ने बताया क्या था किस्सा

पिछले काफी समय से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं कोहली
इस मुद्दे पर बात करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी अपनी राय दी है और इस बात की भविष्यवाणी की है कि वो अपने फॉर्म में कब वापसी करेंगे। पूर्व कप्तान का मानना है कि विराट कोहली ने पिछले कुछ समय में काफी क्रिकेट खेला है, हालांकि इंग्लैंड दौरे पर दहाड़ के साथ वापसी कर सकते हैं।

इंग्लैंड दौरे पर कोहली कर सकते हैं फॉर्म में वापसी
गल्फ न्यूज के साथ बात करते हुए अजहर ने कहा,'जब भी कोहली अर्धशतक लगाते थे हमें लगता है कि वो असफल हो गये हैं, लेकिन यह सच है कि उन्होंने इस साल कुछ ज्यादा नहीं किया। हर कोई यहां तक की दुनिया का सबसे बेस्ट बैटर भी करियर के सबसे खराब दौर से गुजरता है। कोहली लंबे समय से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं और अब जाकर उन्हें एक छोटा सा ब्रेक मिला है, उम्मीद है कि वो इंग्लैंड दौरे पर फॉर्म में वापसी कर सकें।'
गौरतलब है कि भारतीय टीम को इंग्लैंड दौरे पर पिछले साल खेली गई टेस्ट सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच खेलना है जिसका आगाज एक जुलाई से एजबास्टन के मैदान पर होगा। इसके बाद रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 3 वनडे और 3 टी20 मैच खेलने हैं जिसका आगाज 7 जुलाई से होना है।

कोहली को थोड़े से भाग्य की है दरकार
अजहरुद्दीन ने इस बात को मानने से इंकार कर दिया कि कोहली तकनीकी रूप से समस्या का सामना कर रहे हैं। आईपीएल 2022 के दौरान कोहली 3 बार गोल्डन डक का शिकार हुए थे तो वहीं पर कुछ सॉफ्ट डिसमिसल और रन आउट का भी शिकार हुए। कोहली ने दो बार अर्धशतकीय पारी खेली और दोनों बार अपनी पुरानी फॉर्म में नजर आये, लेकिन इसके बावजूद वो लगातार रन बना पाने में नाकाम रहे हैं, इसके बावजूद अजहर को लगता है कि थोड़ा सा भाग्य सारी चीजें बदल सकता है।
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा,'उनकी तकनीक में कोई गलती नहीं है, कई बार आपको थोड़े से भाग्य की जरूरत है। अगर वो एक बड़ा शतक लगाने में कामयाब हो जाते हैं तो उनका आक्रामक रवैया और आत्म-विश्वास फिर से वापस आ गया है।'












Click it and Unblock the Notifications