SRH vs MI: अब भी हैदराबाद के लिये जिंदा है प्लेऑफ की उम्मीद, आखिरी ओवर के रोमांच में हारी मुंबई
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 65वां मैच वानखेडे़ के मैदान पर खेला गया, जहां पर प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिये सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हर हाल में जीत की दरकार थी और केन विलियमसन की टीम ने इस मैच में वो कर के दिखाया और लगातार 5 मैचों से चले आ रहे हार के सिलसिले को रोक दिया। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रियम गर्ग (42), राहुल त्रिपाठी (76) और निकोलस पूरन (38) की अहम पारियों के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 193 रनों का स्कोर खड़ा किया।

जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 190 रन ही बना सकी और 3 रनों से मैच हार गई। मुंबई की टीम ने कप्तान रोहित शर्मा (48) और ईशान किशन (43) की विस्फोटक पारियों के दम पर अच्छी शुरुआत की और पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोये 51 रन बना डाले। दोनों ने अपनी साझेदारी को यहीं पर नहीं रुकने दिया और तेजतर्रार बल्लेबाजी के साथ पहले विकेट के लिये 96 रनों की साझेदारी कर डाली।

रोहित-ईशान के दम पर मुंबई ने की दमदार शुरुआत
सनराइजर्स हैदराबाद के लिये वाशिंगटन सुंदर ने इस साझेदारी को तोड़ने का काम किया और कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर से अपना अर्धशतक लगाने से महज 2 रन दूर रह गये। रोहित शर्मा ने अपनी पारी के दौरान 36 गेंदों का सामना कर 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 48 रनों की पारी खेली। वहीं पर दूसरे छोर पर खड़े ईशान किशन भी अगले ही ओवर में उमरान मलिक का शिकार बन गये। ईशान किशन ने 34 गेंदों का सामना कर 5 चौके और एक छक्के के दम पर 43 रनों की पारी खेली।

उमरान ने कराई हैदराबाद की वापसी
उमरान मलिक ने 15वें ओवर में अपनी टीम की वापसी कराते हुए हुए एक ही ओवर में दो विकेट हासिल किये और मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया। उमरान मलिक ने पहले डैनियल सैम्स (15) का विकेट हासिल किया तो वहीं पर इसी ओवर में तिलक वर्मा को आउट कर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। वहीं ट्रिस्टियन स्टब्स नॉन स्ट्राइकर गेंद पर वापस आ रही गेंद पर रन आउट हो गये। हालांकि टिम डेविड ने मुंबई इंडियंस के लिये ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच को वापस अपनी टीम की ओर मोड़ दिया और महज 18 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों के दम पर 46 रनों की पारी खेल डाली।

टिम डेविड ने पलटा मैच पर रन आउट से हारी मुंबई
टिम डेविड की इस विस्फोटक पारी को देखकर ऐसा लग रहा था कि मुंबई इंडियंस की टीम आसानी से मैच जीत जायेगी लेकिन टी नटराजन ने उन्हें रन आउट कर अपनी टीम की वापसी करा दी। टिम डेविड ने नटराजन के इस ओवर में 4 छक्के लगाकर 26 रन बना लिये थे लेकिन इस रन आउट ने मैच को फिर से हैदराबाद की तरफ मोड़ दिया। आखिरी दो ओवर में मुंबई को जीत के लिये 19 रन की दरकार थी लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में विकेट मेडेन फेंक कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। आखिरी ओवर में मुंबई की टीम 16 रन ही बना सकी और 3 रनों से मैच हार गई।












Click it and Unblock the Notifications