MI vs LSG: लखनऊ के खिलाफ भी नहीं खुला मुंबई इंडियंस की जीत का खाता, प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 26वां मैच ब्रॉबोर्न स्टेडियम पर खेला गया जहां पर पहली जीत की तलाश में उतरी मुंबई इंडियंस की टीम को लखनऊ सुपरजाएंटस के खिलाफ खेले गये इस मैच में फिर से नाकामी ही हाथ लगी है। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस की टीम को इस सीजन लगातार छठे मैच में हार का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते अब उसका आईपीएल के 15वें सीजन में प्लेऑफ तक पहुंच पाने का सपना मुश्किल होता नजर आ रहा है।

ब्रॉबोर्न के मैदान पर खेले गये इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, हालांकि लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने कप्तान केएल राहुल (103) की नाबाद शतकीय पारी के दम पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस दौरान मुंबई की टीम सिर्फ 4 ही विकेट चटका पाई। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम ने 9 विकेट खोकर 181 रन ही बना सके और 18 रनों से मैच हार गई।
और पढ़ें: 'T20 में ऑफ स्पिनर को सब मारते हैं', जब धोनी से सलाह मांगने पहुंचे युवा बॉलर सलमान खान

पहली बार लगातार 6 मैचों में हारी मुंबई
इस हार के साथ ही मुंबई इंडियंस की टीम के लिये आईपीएल 2022 के प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है क्योंकि मुंबई इंडियंस की टीम इससे पहले कभी भी आईपीएल के इतिहास में लगातार 6 मैचों में हारी नहीं थी। मुंबई ने 5 मैचों में हार के बाद मुंबई इंडियंस की टीम ने वापसी करते हुए प्लेऑफ में जगह बनाने का कारनामा किया है तो वहीं पर 4 मैचों में हार कर खिताब भी जीता है लेकिन लगातार 6 मैचों में हार के बाद किसी भी टीम के लिये प्लेऑफ में पहुंच पाना असंभव नजर आता है।

मुंबई की टीम ने फिर की खराब शुरुआत
जवाब में रनों का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने एक बार फिर से खराब शुरुआत की और महज 16 रन के स्कोर पर कप्तान रोहित शर्मा (6) का विकेट गंवा दिया। आवेश खान ने रोहित शर्मा का विकेट चटकाया, जिसके बाद बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस (31) ने महज 13 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के के दम पर 31 रनों का योगदान देकर दूसरे विकेट के लिये 41 रनों की साझेदारी की। हालांकि आवेश खान ने पहले डेवाल्ड ब्रेविस को वापस पवेलियन भेजा तो वहीं पर स्टॉयनिस ने ईशान किशन को आउट कर तीसरा झटका दिया।

सूर्यकुमार-तिलक ने संभाली पारी
मुंबई इंडियंस के लिये बीच के ओवर्स में एक बार फिर से सूर्यकुमार यादव (37) और तिलक वर्मा (26) ने पारी को संभालने का काम किया और चौथे विकेट के लिये 64 रनों की साझेदारी की। इसके बाद जब मुंबई की टीम ने गियर बदलना शुरू किया तभी जेसन होल्डर ने तिलक वर्मा को बोल्ड कर चौथा झटका दिया तो वहीं पर रवि बिश्नोई ने अपनी फिरकी पर सूर्यकुमार यादव को वापस पवेलियन भेज कर जीत की राह मुश्किल कर दी।

बेबस नजर आये कायरन पोलार्ड
यहां से मुंबई की टीम को जीत के लिये कायरन पोलार्ड से उम्मीद थी लेकिन वो 14 गेंद में 2 छक्के और एक छक्के की मदद से सिर्फ 25 रन ही बना सके, जबकि उनादकट के 6 गेंदों में 14 रनों की पारी के चलते मुंबई जीत के करीब पहुंच सकी। हालांकि चमीरा के आखिरी ओवर में मुंबई की टीम ने 3 विकेट खोये और 18 रनों से मैच हार गई।












Click it and Unblock the Notifications