Shoaib Akhtar ने मार्क वुड को दी थी ट्रक खींचने की सलाह, अब गेंदबाज ने दिया ऐसा जवाब कि...
Mark Wood Reacts On Shoaib Akhtar: शोएब अख्तर ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज को बेहतर गेंदबाजी करने के लिए ट्रक खींचने की नसीहत दी थी। जिस पर अब मार्क वुड ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है।

Mark Wood Reacts On Shoaib Akhtar: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच कराची में तीसरा टेस्ट मैच खेला जाना है। सीरीज के पहले दो मैच को गंवाकर पाकिस्तान पहले ही सीरीज हार चुकी है। ऐसे में अब पाकिस्तान की कोशिश तीसरे मुकाबले को जीत क्लीन स्वीप से बचने की होगी। पाकिस्तान की टीम शुरुआती दोनों ही टेस्ट में चौथी पारी में इंग्लैंड द्वारा दिए गए लक्ष्य को पाने में नाकाम रही है।

क्लीन स्वीप से बचना चाहेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच को हर हाल में जीतना चाहेगी। मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद ने अपने डेब्यू मैच में ही पहली पारी में सात विकेट लिए थे। ऐसे में एक बार फिर कराची में उनसे टीम को खासी उम्मीदें होगी। पाकिस्तानी तेज गेंदबाज दोनों ही टेस्ट में कुछ खास असर नहीं छोड़ पाए हैं। जबकि इंग्लैंड की ओर से ऑली रॉबिनसन, जेम्स एंडरसन और मार्क वुड ने शानदार गेंदबाजी की है।

अख्तर ने वुड को दी थी ट्रक खींचने की सलाह
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर अपने बयानों के कारण अक्सर चर्चाओं में बने रहते हैं। अख्तर ने कुछ दिन पहले ही मार्क वुड को एक अजीबोगरीब सलाह दी थी। अख्तर ने कहा था कि अगर वुड को अपनी रफ्तार बढ़ानी है तो उन्हें खुद पर काम करना होगा। अख्तर ने कहा कि अगर वुड सोच रहे हैं कि वह 155 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी नहीं कर सकते, तो वो बिल्कुल गलत हैं। अगर वह 100 मील प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करना चाहते हैं, तो ट्रकों को खींचना शुरू करना होगा। ऐसी प्रैक्टिस करने से उनकी रफ्तार बढ़ेगी।

वह नहीं जानते कि मैं कितना कमजोर हूं
शोएब अख्तर के इस बयान के बाद अब मार्क वुड ने इस पर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि अगर मुझे 100 मील प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करनी है, तो मुझे ट्रकों को खींचने की जरूरत है। शायद शोएब अख्तर नहीं जानते कि मैं कितना कमजोर हूं। मैं कोई ट्रक नहीं खींच सकता। लेकिन उनके जैसे तेज गेंदबाज द्वारा दी गई सलाह मेरे लिए काफी मायने रखता है। मैं अपनी टीम के लिए जिस तरीके का भी प्रदर्शन कर पा रहा हूं, उससे मैं खुश हूं। पाकिस्तानी दर्शकों के बीच गेंदबाजी करने का अनुभव अपने आप में खास है।












Click it and Unblock the Notifications