पंजाब के खिलाफ मैच से पहले लखनऊ सुपर जॉयंट्स के तीन सदस्य हुए रोड एक्सीडेंट का शिकार, जानें तीनों के नाम
नई दिल्ली, अप्रैल 29। आईपीएल के आज 42वें मुकाबले में पंजाब किंग्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जॉयंट्स से है। मैच शुरू होने से पहले लखनऊ की टीम के लिए मैदान के बाहर से एक बुरी खबर आई। दरअसल, लखनऊ सुपर जॉयंट्स के सीईओ और उनके 2 सहयोगी एक रोड एक्सीडेंट में घायल हो गए हैं। हालांकि तीनों इस एक्सीडेंट में सुरक्षित हैं, किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

हादसे में तीनों सुरक्षित
जानकारी के मुताबिक, पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स सीईओ रघु अय्यर, उनकी सहयोगी रचिता बेरी और गौतम गंभीर के मैनेजर गौरव अरोड़ा एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। यह तीनों जब मैच के लिए पुणे जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। लखनऊ सुपर जॉयंट्स के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से यह जानकारी दी गई है कि इस हादसे में तीनों सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
आईपीएल में अच्छा कर रही है लखनऊ की टीम
आपको बता दें कि लखनऊ सुपर जॉयंट्स की टीम आईपीएल के अपने पहले ही सीजन में धमाकेदार प्रदर्शन कर रही है। लखनऊ की टीम सीजन में अभी तक 8 मैच खेल चुकी है, जिसमें से 5 मैच जीत के साथ वो पॉइंट टेबल में चौथे स्थान पर है। केएल राहुल की कप्तानी में लखनऊ की टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। आज लखनऊ का मैच पंजाब के खिलाफ है और अगर यह मैच लखनऊ की टीम जीत लेती है तो पॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर आ जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications