IPL 2022 में खुद पर्पल कैप नहीं जीतना चाहते कुलदीप यादव, बताया- क्यों और किसे मिले यह सम्मान
नई दिल्ली। गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े में खेले गये दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच में लेग स्पिनर कुलदीप यादव ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम को सीजन की चौथी जीत दिलाई। खास बात यह रही है कि दिल्ली कैपिटल्स की मिली अब तक चारों जीत में सिर्फ एक ही खिलाड़ी ने प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता है, जो कि कुलदीप यादव हैं। कुलदीप यादव के लिये पिछले कुछ सीजन खास नहीं रहे थे जिसके चलते उन्हें पिछले सीजन खेलने का मौका भी नहीं मिल सका था, हालांकि इस सीजन जब से वो दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े हैं उन्होंने लगातार विकेट हासिल करने का कारनामा किया।

कुलदीप यादव ने इस सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लगातार दूसरे मैच में 4 विकेट हॉल अपने नाम करने का कारनामा किया और अपने आईपीएल करियर की सबसे बेहतरीन गेंदबाजी का रिकॉर्ड भी हासिल किया। कुलदीप यादव ने केकेआर के खिलाफ इस सीजन खेले गये पहले मैच में 35 रन देकर 4 विकेट चटकाये थे तो वहीं पर गुरुवार को खेले गये मैच में 3 ओवर गेंदबाजी के दौरान 14 रन देकर 4 विकेट हासिल किये।
और पढ़ें: 'अगर मेरे साथ खेलते तो 50 शतक भी नहीं लगा पाते', अख्तर ने विराट कोहली को लेकर दिया बड़ा बयान

अब तक 17 विकेट चटका चुके हैं कुलदीप यादव
अपने शानदार प्रदर्शन के चलते कुलदीप यादव ने इस सीजन खेले गये 8 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किये हैं तो वहीं पर सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर काबिज हो गये हैं। वहीं सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की बात करें तो इस लिस्ट में उनके साथी गेंदबाज युजवेंद्र चहल का नाम सबसे ऊपर काबिज है जिन्होंने 8 मैचों में 18 विकेट अपने नाम किये हैं। खेल जगत में भारतीय गेंदबाजों की यह जोड़ी कुलचा के नाम से मशहूर है और ऐसे में दोनों स्पिनर्स का शानदार प्रदर्शन करना भारतीय टीम के लिये अच्छी खबर है।

कुलदीप ने बताया किसे चाहते हैं वो पर्पल कैप विनर
इस बीच जब गुरुवार को मैच के बाद कुलदीप यादव से पर्पल कैप को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने जो जवाब दिया उसने सभी को हैरान कर दिया। कुलदीप यादव ने कहा कि युजवेंद्र चहल ने उनके बुरे दौर में भी उनका साथ नहीं छोड़ा जिसके चलते वो चाहते हैं कि इस सीजन उनका यह साथी गेंदबाज आईपीएल 2022 का पर्पल कैप विनर बनें।
उन्होंने कहा,'चहल के साथ मेरी कभी भी कोई प्रतिस्पर्धा नहीं था, उसने हमेशा मेरा हौंसला बढ़ाया है। वो मेरे बुरे दौर में मेरे बड़े भाई की तरह था, मेरे दिल में मेरी यही चाहत है कि वो पर्पल कैप जीते क्योंकि पिछले 4 सालों में उसने काफी बेहतरीन गेंदबाजी की है।'

अब फेल होने से नहीं लगता डर
भारतीय टीम के इस चाइनामैन स्पिन गेंदबाज का मानना है कि राष्ट्रीय टीम से उन्हें बाहर किया जाना और पिछले कुछ सालों में आये उतार-चढ़ाव ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया है।
उन्होंने कहा,'मैं शायद पहले से बेहतर गेंदबाज बन चुका हूं लेकिन मैं पहले की तुलना में ज्यादा मजबूत हो चुका है। जब आप जीवन में फेल होते हैं तो आप खुद को संभालकर खुद में सुधार लाने की कोशिश करते हैं और वही है जिसमें मुझे सुधार लाने की जरूरत है। अब मुझे फेल होने से डर नहीं लगता है।'

कुलदीप यादव ने बताया किसके विकेट में आया सबसे ज्यादा मजा
गौरतलब है कि कुलदीप यादव ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गये मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर, बाबा इंद्रजीत, सुनील नरेन और खतरनाक साबित होने वाले आंद्रे रसेल को अपना शिकार बनाया। जीत के बाद कुलदीप यादव ने कहा कि उन्हें वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज का विकेट हासिल करने में सबसे ज्यादा मजा आया।
उन्होंने कहा,'मुझे रसेल का विकेट हासिल करने में सबसे ज्यादा मजा आया। वो मेरा प्लान था, जिसे मैंने सेट किया कि जब कुछ गेंदे खाली हो जायेंगी तो वो क्रीज छोड़कर आगे निकलेंगे और मारने की कोशिश करेंगे। यह मेरे लिये बीता अब तक का सबसे बेहतरीन आईपीएल है और मैं अपनी गेंदबाजी का लुत्फ उठा रहा हूं। मैं इस बारे में बिल्कुल भी नहीं सोचता कि बल्लेबाज क्या करने वाला है और तब क्या होगा जब मुझे मार पड़ेगी। मेरा सारा ध्यान सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करना है।'












Click it and Unblock the Notifications