RR vs KKR: कोलकाता के गेंदबाजों ने राजस्थान को रोका, सैमसन ने ठोंका IPL 2022 का दूसरा अर्धशतक
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 47वां मैच वानखेड़े के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर राजस्थान रॉयल्स की टीम का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हो रहा है। पिछले 5 मैचों में लगातार हार का सामना कर के आ रही कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और कप्तान श्रेयस अय्यर को उनके गेंदबाजों ने निराश नहीं करते हुए राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों को खुलकर रन बनाने से रोका। इसके चलते राजस्थान रॉयल्स की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 152 रन के स्कोर तक ही पहुंच सकी।

राजस्थान रॉयल्स की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पावरप्ले के दौरान सीजन का अपना दूसरा न्यूनतम स्कोर बनाते हुए 1 विकेट खो दिये। राजस्थान रॉयल्स की टीम पहले 6 ओवर में सिर्फ 38 रन ही बना सकी थी। वहीं पावरप्ले के बाद ऑरैन्ज कैप होल्डर जोस बटलर ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की लेकिन साउथी की गेंद पर शिवम मावी को कैच थमा कर वापस लौट गये।
और पढ़ें: हार के बाद SRH की टीम को लगा एक और बड़ा झटका, चोटिल हुआ यह दिग्गज खिलाड़ी
कोलकाता के खिलाफ जोस बटलर ने 88 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये और 25 गेंदों में 3 चौके की मदद से सिर्फ 22 रन जोड़े। वहीं बटलर के आउट होने के बाद कप्तान संजू सैमसन (54) ने करुण नायर (13) के साथ पारी को बढ़ाने का काम किया और आईपीएल 2022 का अपना दूसरा अर्धशतक जड़ दिया। हालांकि इस दौरान सैमसन की पारी उतनी तेज नहीं आई जिसकी टीम को जरूरत रही।
सैमसन ने 49 गेंदों का सामना कर 7 चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाये। जहां अनुकूल रॉय ने करुण नायर का विकेट चटकाया तो वहीं पर साउथी ने 12 गेंदों में 1 चौका और 2 छक्का लगा चुके रियान पराग (19) को वापस पवेलियन भेजा। 18वें ओवर में सैमसन ने गियर बदलने की कोशिश की लेकिन शिवम मावी ने पहली ही गेंद पर उन्हें रिंकू सिंह के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया।
केकेआर के गेंदबाजों ने जिस तरह से प्रदर्शन किया उसे देखते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम का 150 रन तक पहुंच पाना मुश्किल नजर आ रहा था लेकिन शिमरोन हेटमायर ने साउथी की गेंद पर लगातार दो छक्के लगाकर स्कोर को 152 तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। हेटमायर ने महज 13 गेंदों का सामना किया और 2 छक्के एवं एक चौके की मदद से 27 रन बना डाले।












Click it and Unblock the Notifications