PAK v NZ: पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान, इन दिग्गजों को मिला मौका
Pakistan vs New Zealand T20 Series: पाकिस्तान के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। 12 जनवरी से न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच इस सीरीज का आगाज होना है। साल 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन भी किया जाना है। इस लिहाज से भी पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के लिए पांच मैचों की यह सीरीज काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विलियमसन की वापसी: न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन इस सीरीज में वापसी कर रहे हैं। पिछली बार जब न्यूजीलैंड की टीम टी-20 सीरीज खेलने मैदान पर उतरी थी तो मिचेल सेंटनर ने टीम की कमान संभाली थी। लेकिन साल 2024 के वर्ल्ड कप को देखते हुए न्यूजीलैंड की टीम अपने नियमित कप्तान केन विलियमसन को इस फॉर्मेट में वापस लेकर आई है। केन विलियमसन के अलावा तेज गेंदबाज मेट हेनरी की भी टी-20 फॉर्मेट में वापसी हुई है।

मेट हेनरी से होगी उम्मीदें: वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण मेट हेनरी इस टूर्नामेंट से ही बाहर हो गए थे। वह एक बार फिर से मैदान पर गेंदबाजी करते नजर आने वाले हैं। दूसरी तरफ अगर पाकिस्तान की बात करें तो पाकिस्तान की टीम मौजूदा समय में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेल रही है। ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज के बाद पाकिस्तान की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलने वाली है।
अफरीदी के लिए बड़ी चुनौती: पाकिस्तान के लिए पहली बार शाहीन अफ़रीदी कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। पूर्व कप्तान बाबर आजम के बाद शाहीन को टी-20 फॉर्मेट में पाकिस्तान का कप्तान चुना गया है। ऐसे में अफरीदी के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। बाबर आजम खराब फॉर्म से गुजर रहे थे, इसके अलावा उनकी कप्तानी पर भी सवाल उठाए जा रहे थे। ऐसे में बाबर आजम की जगह शाहीन अफरीदी को टीम की कमान सौंपी गई थी।
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम: केन विलियमसन (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमेन, जोश क्लार्सन (सिर्फ तीसरे टी20 के लिए), डीवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), लॉकी फर्ग्युसन, मैट हेनरी, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सेंटनर, बेन सियर्स (पहले और दूसरे मैच के लिए), टिम साइफर्ट, ईश सोढ़ी, टिम साउदी।












Click it and Unblock the Notifications