जसप्रीत बुमराह के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि, सबको पछाड़ जीत गए क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर का अवॉर्ड
ICC Cricketer of the Year: भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने तहलका मचाते हुए आईसीसी के सबसे बड़े अवॉर्ड पर कब्जा जमा लिया। पिछले साल के धांसू प्रदर्शन के आधार पर बुमराह को क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर का अवॉर्ड मिला है। एक दिन पहले ही उनको टेस्ट क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर भी चुना गया था।
इस सबसे बड़े अवॉर्ड के लिए बुमराह के साथ कुछ और भी बड़े नाम थे। सभी को पीछे छोड़ते हुए बुमराह ने इस पर कब्जा जमा लिया। विराट कोहली को भी क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर का पुरस्कार मिल चुका है। बुमराह के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

सर गैरी सोबर्स ट्रॉफी जीतने के लिए बुमराह ने जो रूट, हैरी ब्रूक और ट्रेविस हेड जैसे प्लेयर्स को पछाड़ दिया। ये तीनों भी इस ट्रॉफी की रेस में शामिल थे लेकिन बुमराह सभी के ऊपर भारी पड़े हैं। भारत के लिए बुमराह से पहले भी चार प्लेयर्स ने इस पुरस्कार को हासिल किया था।
Jasprit Bumrah दिग्गजों के क्लब में शामिल
साल 2004 में राहुल द्रविड़ और 2010 में सचिन तेंदुलकर को यह अवॉर्ड मिला था। इसके बाद साल 2016 में आर अश्विन ने भी इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड पर अपना कब्जा जमा लिया था। विराट कोहली ने लगातार दो साल तक इसे हासिल किया था। साल 2017 और 2018 में कोहली दो बार क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर चुके गए थे।
Jasprit Bumrah ने मचाया था तहलका
गौरतलब है कि बुमराह ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट में धमाल मचाया था। उन्होंने तबाही मचाते हुए बल्लेबाजों को परेशान करने का काम किया। बुमराह ने 13 टेस्ट मुकाबले खेलकर कुल 71 विकेट अपने नाम किये थे। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी उनका बेहतरीन प्रदर्शन रहा, वहां उनके नाम 32 विकेट थे।
आईसीसी अवॉर्ड्स में भारतीयों का जलवा
बुमराह ने टेस्ट क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर और क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर का पुरस्कार अपने नाम किया, उनके अलावा अर्शदीप सिंह ने टी20 क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर के पुरस्कार पर कब्जा जमा लिया। महिला वर्ग में स्मृति मंधाना ने वनडे क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर का ख़िताब अपने नाम किया।












Click it and Unblock the Notifications