अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 3 बड़े रिकॉर्ड जिनको जेम्स एंडरसन कर सकते हैं हासिल
जेम्स एंडरसन ने करियर में ज्यादा ध्यान टेस्ट क्रिकेट की तरफ लगाया और सफल भी हुए हैं, टेस्ट रैंकिंग में वह इस समय नम्बर एक पर हैं।

James Anderson: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन किसी परिचय के मोहताज नहीं है। टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट लेने वाले वह वर्ल्ड के पहले तेज गेंदबाज हैं। 40 साल की उम्र पार कर चुके एंडरसन आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक की पोजीशन पर हैं। एंडरसन की गेंदबाजी में अब भी वही धार बरकरार है। एंडरसन इंग्लैंड की टीम के लिए एशेज सीरीज में खेलते हुए दिख सकते हैं। आने वाले समय में वह कुछ और कीर्तिमान अपने खाते में जोड़ सकते हैं और तीन ऐसे ही आंकड़ों का जिक्र यहां किया गया है।

700 टेस्ट विकेट
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलते हुए जेम्स एंडरसन को 20 साल हो चुके हैं। इस दौरान उनका ज्यादा ध्यान टेस्ट क्रिकेट की तरफ ही रहा है। अब तक वह 178 टेस्ट मैचों में 682 विकेट हासिल कर चुके हैं। 700 टेस्ट विकेट के आंकड़े से वह कुछ ही कदम दूर है। आगामी समय में वह 700 विकेट हासिल करने वाले पहले तेज गेंदबाज बन सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि होगी।

1000 विकेट वाले पहले तेज गेंदबाज
अंतरराष्ट्रीय करियर का एक और रिकॉर्ड एंडरसन के निशाने पर है, वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बन सकते हैं। टेस्ट में उनके नाम 682 विकेट है और वनडे में उन्होंने 269 विकेट झटके हैं। T20 क्रिकेट के 18 विकेट मिलाकर यह संख्या 969 विकेट हो जाती है। वह हजार विकेट से 31 विकेट दूर हैं। हाल ही में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ा था। मैक्ग्रा ने 949 इंटरनेशनल विकेट हासिल किए थे।

तेज गेंदबाजों में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट
जेम्स एंडरसन ने अपने टेस्ट करियर में एक पारी में 5 विकेट 32 मौकों पर लिए हैं। अगर वह पांच मौकों पर ऐसा करने में सफल रहते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन जाएंगे। न्यूजीलैंड के सर रिचर्ड हैडली इस मामले में फिलहाल उनसे आगे हैं। रिचर्ड हैडली ने 36 मौकों पर 5 विकेटहॉल हासिल किए थे।












Click it and Unblock the Notifications