IPL 2024: फ्लॉप हार्दिक पांड्या का टी20 वर्ल्ड कप से पत्ता साफ़? CSK का यह खिलाड़ी ले सकता है जगह
Hardik Pandya: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। हार्दिक पांड्या इस आईपीएल बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं। इसके अलावा उनकी टीम मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी निराश करने वाला रहा है। मुंबई इंडियंस की टीम पांच मैचों में पराजित हो चुकी है।
बीते सोमवार को ही मुंबई इंडियंस को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। हार्दिक पांड्या की बैटिंग और गेंदबाजी दोनों खराब रही है। पांड्या के खेल पर सवाल खड़े हो रहे हैं और टी20 वर्ल्ड कप में जगह मिलने पर भी संशय है।

खबरों के अनुसार पांड्या को कहा गया था कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में आने के लिए पांड्या को आईपीएल में गेंदबाजी करने पड़ेगी। वह भी उन्होंने किया है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में पांड्या नई गेंद के साथ गेंदबाजी करने के लिए आए थे। वहां भी फ्लॉप रहे।
पांड्या ने दो ओवर डाले और 21 रन देकर कोई सफलता हासिल नहीं की। बैटिंग करते हुए उन्होंने महज 10 रन बनाए। इस प्रदर्शन को आधार बनाकर तो उनको टी20 वर्ल्ड कप में जगह नहीं मिलनी चाहिए। सवाल यह भी है कि पांड्या नहीं तो टीम में कौन?
चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेल रहे शिवम दुबे इस सीजन धांसू प्रदर्शन कर रहे हैं। हालिया समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वह टीम इंडिया के लिए अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं। शिवम दुबे के बल्ले से अब तक 245 रन आए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 157 का है। दूसरी तरफ हार्दिक पांड्या ने 151 रन बनाए हैं और वह टॉप 30 में भी शामिल नहीं हैं।
पांड्या के बल्ले पर गेंद आ ही नहीं रही है। इस स्थिति में उनको टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुनना पाँव पर कुल्हाड़ी मारने जैसा है। पांड्या की जगह शिवम दुबे ही सही कैंडिडेट है और वह टीम में आने के लिए दौड़ में शामिल है। पांड्या आईपीएल में 1-2 ओवर की गेंदबाजी कर रहे हैं, उतने ओवर शिवम दुबे भी आसानी से डाल लेते हैं।












Click it and Unblock the Notifications