इस खिलाड़ी के चयन से नाराज थे ईशान किशन, अगर नहीं संभले तो बर्बाद हो सकता है करियर
Ishan Kishan and Jitesh Sharma: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन पिछले कुछ समय से टीम से बाहर चल रहे हैं। साउथ अफ्रीका दौरे को ईशान किशन बीच में ही छोड़कर आ गए थे। ईशान किशन ने मेंटल हेल्थ की वजह से इस दौरे को बीच में ही छोड़ दिया था। लगातार क्रिकेट खेलने के कारण ईशान ने ब्रेक लेने का फैसला किया था।
टेस्ट सीरीज में भी नहीं मिला मौका
वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद ईशान किशन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में हिस्सा लिया था। लेकिन इसके बाद से ईशान किशन भारत की तरफ से कोई भी सीरीज नहीं खेल सके हैं। इंग्लैंड के खिलाफ बचे हुए तीन मैचों के लिए टेस्ट टीम का ऐलान भी जल्द किया जाएगा। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा केएस भरत के साधारण प्रदर्शन के बाद क्या चयनकर्त्ता ईशान किशन की तरफ रुख करते हैं या नहीं?

कप्तान और कोच के इस फैसले से नाखुश
ईशान किशन को लेकर अब एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईशान किशन के अंदर असुरक्षा का भाव पैदा हो गया है। जिस कारण वह टीम से बाहर हैं। दरअसल, जितेश शर्मा के टी-20 टीम में चुने जाने के बाद से ही ईशान किशन नाराज हैं। कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ के फैसले से ईशान किशन खुश नहीं है।
जितेश का प्रदर्शन रहा शानदार
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जितेश शर्मा भी ईशान किशन की तरह विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। इसके अलावा वह भी मिडिल ऑर्डर में ही बल्लेबाजी करते हैं। हाल ही में खेले गए कुछ टी-20 सीरीज में जितेश शर्मा को लगातार प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका दिया गया। उन्होंने लोअर मिडल ऑर्डर में आकर टीम के लिए ताबड़तोड़ अंदाज में रन भी बटोरने का काम किया।
ईशान ने दिखाया है दम
हालांकि, यह सिर्फ मीडिया की एक रिपोर्ट है। अभी इस पर किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन अगर ईशान किशन को इस वजह से टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है तो उनके लिए वापसी करना कतई आसान नहीं होने वाला है। ईशान किशन ने बेहद कम समय में टी-20 और वनडे फॉर्मेट में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में ईशान किशन दोहरा शतक जड़ने में भी सफल रहे थे। इसके अलावा टी-20 में भी उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है। ऐसे में ईशान किशन की टीम इंडिया में वापसी के लिए फैंस भी बेताब हैं। साल 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन भी किया जाना है। अगर ईशान किशन को भारत की तरफ से खेलने का मौका नहीं मिलता है तो टी-20 वर्ल्ड कप में उनका चयन करना भी मुश्किल हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications