IPL Auction 2023: इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने ध्वस्त किए सभी रिकॉर्ड, हैदराबाद ने 13.25 करोड़ रुपए में खरीदा
इंग्लैंड के लिए इसी साल अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले हैरी ब्रूक ने पिछले कुछ महीनों के अंदर अपने अटैकिंग गेम से हर किसी को प्रभावित किया है। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान दौरे पर तीनों टेस्ट मैच में शतक लगाए थे।

IPL Auction 2023 के पहले एक घंटे के अंदर ही इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने नीलामी के पिछले तमाम रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। 1.50 करोड़ रुपए के बेस प्राइज के साथ इस नीलामी में शामिल हुए हैरी ब्रूक 13.25 करोड़ रुपए में बिके हैं और उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा है। 23 साल के हैरी ब्रूक को लेकर पहले से ही यह माना जा रहा था कि उन्हें खरीदने के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच अच्छी खासी होड़ देखने को मिल सकती है और ऐसा हुआ भी। हैरी ब्रूक के लिए सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होड़ देखने को मिली, लेकिन आखिरी में बाजी हैदराबाद ने मार ली। राजस्थान रॉयल्स ने इस दौरान हैरी ब्रूक को खरीदने के लिए अपनी कुल बैलेंस 13.25 करोड़ रुपए दांव पर लगा दिए थे।
कौन हैं हैरी ब्रूक?
इंग्लैंड के लिए इसी साल अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले हैरी ब्रूक ने पिछले कुछ महीनों के अंदर अपने अटैकिंग गेम से हर किसी को प्रभावित किया है। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान दौरे पर तीनों टेस्ट मैच के अंदर शतक लगाए थे। यह कारनामा कर उन्होंने इतिहास रच दिया था। हैरी ब्रूक इंग्लैंड की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। हैरी ब्रूक ने अभी तक 4 टेस्ट मैच की 6 पारियों में 80 की औसत से 521 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका 153 सर्वोच्च स्कोर है।
दूसरे सबसे महंगे ब्रिटिश खिलाड़ी बने हैरी ब्रूक
साल 2022 में ही इंग्लैंड के लिए अपना टी20 डेब्यू करने वाले हैरी ब्रूक इंग्लैंड की तरफ से खेलते हुए 17 टी20 पारियों में 137.78 की स्ट्राइक रेट से 372 रन बना चुके हैं। उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत ही उन्हें आईपीएल में इतनी मोटी रकम के साथ खरीदा गया है। हैरी ब्रूक आईपीएल में दूसरे सबसे महंगे बिकने वाले इंग्लिश प्लेयर हैं। उनसे पहले बेन स्टोक्स साल 2017 में 14.5 करोड़ रुपए में बिके थे। उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था।












Click it and Unblock the Notifications