IPL 2026: कौन करेगा किस टीम को लीड? ईशान किशन से लेकर ऋतुराज तक सभी कप्तानों की लिस्ट
IPL 2026 Captains List: इंडियन प्रीमियर लीग 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इस साल का आईपीएल कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाला है क्योंकि लीग की लगभग हर टीम ने अपनी रणनीति और नेतृत्व में बड़े बदलाव किए हैं। चोटिल खिलाड़ियों की लंबी फेहरिस्त और कप्तानों की अदला-बदली ने इस बार के समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया है, जिससे फैंस के बीच उत्साह दोगुना हो गया है।
सबसे बड़ी खबर सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे से है जहां ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण कुछ मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में टीम प्रबंधन ने विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन पर भरोसा जताया है जो पहली बार आईपीएल में कप्तानी का डेब्यू करेंगे।

ईशान को हाल ही में घरेलू क्रिकेट में झारखंड को खिताबी जीत दिलाने का इनाम मिला है और मैदान पर उनका साथ देंगे टीम इंडिया के उभरते सितारे अभिषेक शर्मा जो उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स में एक नए युग की शुरुआत हो रही है। लंबे समय तक टीम की कमान संभालने वाले संजू सैमसन के जाने के बाद अब रियान पराग को पूर्णकालिक कप्तान नियुक्त किया गया है। पराग साल 2019 से इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं और अब उन पर टीम को चैंपियन बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
इसी तरह लखनऊ सुपर जायंट्स ने पिछले सीजन ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर टीम का नया सेनापति बनाया, वह इस बार भी लीड करेंगे। पंत के लिए पिछला सीजन चुनौतीपूर्ण रहा था लेकिन इस बार वह नई जर्सी में अपनी किस्मत बदलने उतरेंगे।
RCB डिफेंडिंग चैम्पियन
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कमान एक बार फिर रजत पाटीदार के हाथों में होगी जिन्होंने पिछले साल टीम को उसका पहला खिताब दिलाकर इतिहास रचा था। विराट कोहली की मौजूदगी में पाटीदार के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने खिताब को बरकरार रखने की होगी। चेन्नई सुपर किंग्स में भी अच्छी खबर है क्योंकि स्टार ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ कोहनी की चोट से उबरकर वापस लौट आए हैं और वे एक बार फिर येलो आर्मी का नेतृत्व करते नजर आएंगे।
IPL 2026 के कप्तानों की लिस्ट
- चेन्नई सुपर किंग्स (CSK): ऋतुराज गायकवाड़
- मुंबई इंडियंस (MI): हार्दिक पांड्या
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB): रजत पाटीदार
- सनराइजर्स हैदराबाद (SRH): ईशान किशन
- गुजरात टाइटंस (GT): शुभमन गिल
- लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG): ऋषभ पंत
- कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR): अजिंक्य रहाणे
- दिल्ली कैपिटल्स (DC): अक्षर पटेल
- राजस्थान रॉयल्स (RR): रियान पराग
- पंजाब किंग्स (PBKS): श्रेयस अय्यर












Click it and Unblock the Notifications