Mangesh Yadav: ट्रक ड्राइवर का बेटा बना करोड़ों का मालिक, 70 KM दूर रोज करता था प्रैक्टिस, RCB ने बरसाया पैसा!
IPL 2026 Mini Auction Mangesh Yadav: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में मध्य प्रदेश के छोटे से शहर छिंदवाड़ा के तेज़ गेंदबाज़ मंगेश यादव की किस्मत रातों-रात चमक गई। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने इस 24 वर्षीय खिलाड़ी पर 5 करोड़ 20 लाख की भारी बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। यह नीलामी मंगेश के सपनों को साकार करने वाली साबित हुई है।
मंगेश के पिता हैं ट्रक ड्राइवर (IPL 2026 Mini Auction Mangesh Yadav)
यह नतीजा मंगेश के ट्रक ड्राइवर पिता रामअवध यादव के अथक परिश्रम का भी फल है। मंगेश के पिता ने बेटे को क्रिकेटर बनाने के लिए महीनों तक घर से दूर रहकर ट्रक चलाया। अबू धाबी में हुई नीलामी में मंगेश यादव का बेस प्राइस मात्र 30 लाख था। अपनी तेज़ रफ़्तार और सटीक यॉर्कर के लिए जाने जाने वाले मंगेश ने मध्य प्रदेश टी-20 लीग में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 6 मैचों में 14 विकेट चटकाए, जिसमें तीन बार 4 विकेट हॉल शामिल थे। एक मैच में उनके 3 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट लेने के प्रदर्शन ने ही IPL चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।

रोजाना 70 किलोमीटर दूर जाकर करते थे प्रैक्टिस
इस साल उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के लिए भी डेब्यू किया, जहां उन्होंने 2 मैचों में 3 विकेट लिए और बल्ले से भी 12 गेंदों पर 28 रन का उपयोगी योगदान दिया। मंगेश के कोच उत्सव बैरागी के अनुसार पांढुर्णा जिले के बोरगांव में 10 अक्टूबर 2002 को जन्मे मंगेश ने बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद क्रिकेट के प्रति अपना जुनून नहीं छोड़ा। पिता रामअवध यादव की मेहनत की कद्र करते हुए मंगेश रोज़ाना 70 किलोमीटर दूर छिंदवाड़ा के इंदिरा गांधी क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास के लिए जाते थे। उनकी यह कड़ी मेहनत मंगलवार रात रंग लाई।
कोहली के साथ खेलने का सपना होगा पूरा
जैसे ही मंगेश के पिता को बेटे के IPL ऑक्शन में चुने जाने की खबर मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मंगेश के घर खुशियों का माहौल है और दूर-दूर से लोग उनके परिवार को बधाई देने पहुंच रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता नकुलनाथ ने भी मंगेश के पिता से फ़ोन पर बात कर उन्हें बधाई दी। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और बेहतरीन ऑलराउंडर मंगेश यादव अब RCB की टीम में विराट कोहली और अन्य सितारों के साथ खेलते दिखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications