RR vs LSG Pitch Weather: इकाना में आज रनों का तूफान या विकेटों की झड़ी! मौसम और पिच का किसको मिलेगा साथ?
LSG vs RR: IPL 2026 के रोमांचक मोड़ पर आज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दो ऐसी टीमें आमने-सामने हैं जो अपनी जीत की लय खो चुकी हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) जहां अपने पिछले तीन मुकाबलों में लगातार हार का स्वाद चख चुकी है, वहीं शानदार शुरुआत करने वाली राजस्थान रॉयल्स (RR) भी पिछले दो मैचों से पटरी से उतरी नजर आ रही है।
आज का यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए 'कोर्स करेक्शन' जैसा है, जहां मेजबान लखनऊ अपनी साख बचाने उतरेगी तो राजस्थान के रजवाड़े फिर से टॉप गियर पकड़ने की कोशिश करेंगे। मैच निर्धारित समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। आइए जानतें हैं पिच से लेकर मौसम तक आज के मैच में क्या खास रहने वाला है।

राजस्थान का कमजोर मिडिल ऑर्डर
राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी की पूरी ताकत उनके सलामी बल्लेबाजों, वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के कंधों पर टिकी है। इन दोनों ने अब तक क्रमशः 246 और 223 रन बनाकर टीम को विस्फोटक शुरुआत दी है। हालांकि, चिंता का विषय टीम का मिडिल ऑर्डर बना हुआ है। कप्तान रियान पराग का बल्ला खामोश है और वह महज 12.2 की औसत से रन बना पा रहे हैं, जबकि शिमरॉन हेटमायर भी अब तक प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं।
टीम मैनेजमेंट अब दासुन शनाका जैसे विकल्पों पर विचार कर सकता है ताकि बल्लेबाजी में गहराई लाई जा सके। गेंदबाजी में रवि बिश्नोई, जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर की तिकड़ी ने मिलकर 24 विकेट झटके हैं, जो राजस्थान के लिए सबसे बड़ा प्लस पॉइंट है।
लखनऊ का क्या है नया प्लान?
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सबसे बड़ी सिरदर्दी उनके प्रमुख बल्लेबाजों का फॉर्म है। निकोलस पूरन जैसा धाकड़ बल्लेबाज इस सीजन संघर्ष करता दिख रहा है और उनका औसत 10 के आसपास सिमट गया है। कप्तान ऋषभ पंत भी एक अर्धशतक को छोड़ दें तो अपनी लय हासिल नहीं कर पाए हैं।
हालांकि, टीम अब अपनी रणनीति में बदलाव कर रही है। एडेन मार्करम ने संकेत दिए हैं कि आयुष बदौनी पारी की शुरुआत कर सकते हैं ताकि मिडिल ऑर्डर में अनुभव को सहेजा जा सके। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने शुरुआत तो अच्छी की थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों से वे विकेट चटकाने के लिए तरस रहे हैं। इकाना की पिच पर शमी और वैभव सूर्यवंशी के बीच होने वाली जंग काफी दिलचस्प होने वाली है।
इकाना स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
इकाना स्टेडियम की पिच पिछले कुछ समय से गेंदबाजों, खासकर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हुई है। साल 2025 के बाद से यहां स्पिन के मुकाबले पेसर्स का पलड़ा भारी रहा है। पिछले मैचों के आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां का औसत स्कोर बहुत अधिक नहीं रहा है। रात के मैचों में गेंद सीम और स्विंग होती दिखी है, जिसका फायदा शमी और जोफ्रा आर्चर जैसे गेंदबाज उठाना चाहेंगे। टॉस जीतने वाली टीम यहां पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है क्योंकि शुरुआती ओवरों में पिच से मदद मिलने की पूरी उम्मीद है।
लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
लखनऊ और आसपास के इलाकों में फिलहाल हीटवेव का अलर्ट है। दिन के समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है, जिसका असर शाम के मैच पर भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दौरान आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और रात में भी तापमान 30 डिग्री के आसपास बना रहेगा। उमस और गर्मी खिलाड़ियों की फिटनेस की कड़ी परीक्षा लेगी।
हालांकि, दर्शकों के लिए अच्छी खबर यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है और पूरे 40 ओवरों का खेल देखने को मिलेगा। हेड-टू-हेड आंकड़ों में राजस्थान 4-2 से आगे है, लेकिन लखनऊ अपने घर में इस फासले को कम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications