MI के खिलाफ मैच से पहले LSG को मिली बड़ी खुशखबरी! टीम में लौटा 8.6 करोड़ वाला खिलाड़ी, क्या चमकेगी किस्मत?
IPL 2026 MI vs LSG: आईपीएल 2026 में अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम से बड़ी खबर आई है। ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस मुंबई पहुंच चुके हैं और 4 मई को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ होने वाले करो या मरो के मुकाबले के लिए चयन हेतु उपलब्ध हैं। लखनऊ ने नीलामी में इंग्लिस पर 8.6 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि खर्च की थी, जबकि मैनेजमेंट को पता था कि वे सीजन के शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
लखनऊ को 8 में मिले हैं सिर्फ दो जीत (IPL 2026 MI vs LSG)
8 मैचों में महज 2 जीत के साथ संघर्ष कर रही ऋषभ पंत की टीम के लिए अब हर मैच नॉकआउट जैसा है। इंग्लिस का बुमराह के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड लखनऊ की जीत की चाबी बन सकता है। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह सीजन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने 8 में से केवल 2 मैच जीते हैं। दिलचस्प बात यह है कि 4 मई को उनका सामना जिस मुंबई इंडियंस से होना है, उसकी स्थिति भी वैसी ही है।

हारने वाली टीम के लिए बढ़ जाएगी मुश्किलें
वानखेड़े स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला किसी रूटीन लीग गेम जैसा नहीं, बल्कि दोनों टीमों के लिए सर्वाइवल चेकपॉइंट है। हारने वाली टीम के लिए प्लेऑफ के रास्ते लगभग बंद हो जाएंगे। जोश इंग्लिस को लेकर इस बार नीलामी में काफी ड्रामा हुआ था। पंजाब किंग्स उन्हें 2.6 करोड़ रुपये में रिटेन करना चाहती थी, लेकिन इंग्लिस की उपलब्धता को लेकर हुई देरी ने पंजाब के मालिकों को नाराज कर दिया।
लखनऊ ने लगाया था बड़ा दांव
पंजाब के को-ओनर नेस वाडिया ने सार्वजनिक रूप से निराशा जाहिर की थी। बाद में लखनऊ ने रिस्क लिया और उन्हें 8.6 करोड़ में खरीदा। इंग्लिस ने स्पष्ट किया था कि वे निजी प्रतिबद्धताओं के कारण आधे सीजन से बाहर रहेंगे। लखनऊ ने इंग्लिस पर इतना बड़ा दांव क्यों खेला, इसका जवाब आंकड़ों में छिपा है। इंग्लिस उन गिने-चुने बल्लेबाजों में से हैं जिन्होंने जसप्रीत बुमराह जैसे घातक गेंदबाज को दबाव में डाला है।
क्या प्लेइंग इलेवन में मिलेगा मौका?
आईपीएल 2025 के दूसरे क्वालीफायर में इंग्लिस ने बुमराह के एक ही ओवर में 20 रन कूटे थे। पिछले सीजन में उनका स्ट्राइक रेट 162 से ऊपर था। मिडल ऑर्डर में आकर तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता लखनऊ की सुस्त बल्लेबाजी को रफ्तार दे सकती है। कप्तान ऋषभ पंत के सामने अब बड़ा सवाल यह है कि क्या हाल ही में टीम से जुड़े इंग्लिस को सीधे वानखेड़े की पिच पर उतारा जाए? लखनऊ की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने का समय निकल चुका है। टीम को इम्पैक्ट की जरूरत है और इंग्लिस इसी भूमिका के लिए लाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications