IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स की तरफ से जयपुर के फैंस को खास सौगात, 1800 वाला टिकट 500 रुपये में मिलेगा
IPL 2026 Jaipur Ticket Price: जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों और खासकर छात्र वर्ग के लिए सवाई मानसिंह स्टेडियम के दरवाजे अब और भी करीब आने वाले हैं। राजस्थान रॉयल्स ने स्थानीय युवाओं के जोश को दोगुना करने के लिए एक शानदार योजना पेश की है, जिसके तहत स्टेडियम के प्रीमियम अनुभव को बेहद किफायती बना दिया गया है।
मैनेजमेंट ने फैसला लिया है कि जो टिकट आम तौर पर 1800 रुपये में बेचे जाते हैं, वे अब खास तौर पर छात्रों के लिए केवल 500 रुपये की रियायती दर पर उपलब्ध होंगे। इस कदम का मकसद जयपुर के भविष्य के क्रिकेट सितारों और युवा प्रशंसकों को स्टैंड्स तक लाना और उन्हें अपनी घरेलू टीम का समर्थन करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस विशेष छूट का लाभ उठाने की प्रक्रिया भी काफी सरल रखी गई है। मैच का लुत्फ उठाने के इच्छुक छात्रों को केवल अपना ओरिजिनल स्कूल या कॉलेज पहचान पत्र दिखाना होगा। यह रियायती टिकट 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर उपलब्ध कराए जा सकते हैं, इसलिए छात्रों के बीच इसे लेकर अभी से भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कब मिल सकते हैं टिकट
सूत्रों के मानें, तो 24 अप्रैल को विशेष काउंटर से ये टिकट उपलब्ध कराए जा सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स की यह पहल न केवल सवाई मानसिंह स्टेडियम में युवा ऊर्जा को बढ़ाएगी, बल्कि उन छात्रों के सपनों को भी सच करेगी जो बजट की कमी के चलते अब तक स्टेडियम के रोमांच से दूर थे। अब गुलाबी नगरी के छात्र बेहद कम खर्च में अपनी टीम के लिए हल्ला बोल का नारा बुलंद कर सकेंगे।
इस बार दाम रहे हैं काफी ज्यादा
इससे पहले सवाई मानसिंह स्टेडियम में मैचों का न्यूनतम टिकट प्राइस 1800 रुपये रखा गया था लेकिन छात्रों के लिए अब राहत होगी। इस सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम को छोड़कर हर स्टेडियम में टिकट के प्राइस ज्यादा ही देखे गए हैं। इस वजह से कई स्टेडियम खाली भी रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications