वैभव सूर्यवंशी ही नहीं IPL 2026 में ये बिहारी भी पड़ेगा सब पर भारी? कभी मां ने गहने बेचकर दिलाए थे जूते
IPL 2026 SRH Player Sakib Hussain: आईपीएल 2026 में बिहार के वैभव सूर्यवंशी की चर्चा हर तरफ है। लेकिन इसी मिट्टी का एक और लाल साइलेंट किलर बनकर इस सीजन अपना दमखम दिखाने को तैयार है। हम बात कर रहे हैं गोपालगंज के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन की। जिन्हें सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने मिनी ऑक्शन में 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है।
साकिब मचाएंगे इस सीजन धमाल (IPL 2026 SRH Player Sakib Hussain)
साकिब की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है, जहां अभावों के बीच एक रफ्तार का सौदागर पैदा हुआ। साल 2004 में गोपालगंज के दरगाह मोहल्ला में जन्मे साकिब का शुरुआती सपना क्रिकेटर बनना नहीं, बल्कि देश की सेवा के लिए फौज में भर्ती होना था। वे रोज तड़के उठकर खेतों और सड़कों पर दौड़ लगाते थे। इसी दौड़ ने उन्हें वह 'एक्सप्लोसिव पावर' दी, जिसने बाद में उनकी गेंदबाजी में बिजली जैसी रफ्तार भर दी।

गहने बेचकर मां ने दिलाए थे जूते
आर्थिक तंगी का आलम यह था कि पिता अली अहमद हुसैन को घुटनों की तकलीफ के कारण खेती छोड़नी पड़ी, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी साकिब के कंधों पर आ गई। साकिब के करियर का सबसे भावुक मोड़ तब आया जब उन्हें प्रोफेशनल गेंदबाजी के लिए खास जूतों (स्पाइक्स) की जरूरत थी। घर में पैसे नहीं थे, तब मां ने बिना सोचे अपने गहने बेच दिए ताकि बेटा मैदान पर अपनी रफ्तार दिखा सके।
रणजी सीजन 2025-26 में किया कमाल
शुरुआती दिनों में साकिब ने घर चलाने के लिए टेनिस बॉल टूर्नामेंट खेले, जहां से मिलने वाले 500-1000 रुपये परिवार का सहारा बने। साकिब केवल रफ्तार के धनी नहीं हैं, बल्कि उनके पास विकेट लेने की कला भी है। रणजी सीजन 2025-26 के पहले ही मैच में उन्होंने 10 विकेट चटकाकर सनसनी फैला दी थी।
अब तक उन्होंने 6 फर्स्ट क्लास मैचों में 16 और टी20 में 10 विकेट लिए हैं। केकेआर (KKR) के साथ रहने और चेन्नई में नेट बॉलर के तौर पर एमएस धोनी जैसे दिग्गजों को गेंदबाजी करने का अनुभव अब हैदराबाद के काम आएगा।












Click it and Unblock the Notifications