IPL 2025: विराट कोहली के पीछे दौड़ रहे श्रेयस अय्यर, क्या इस सीजन तोड़ देंगे छक्कों का यह धांसू रिकॉर्ड
IPL 2025: आईपीएल नीलामी में पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर के ऊपर मोटी बोली लगाई थी और इसका लाभ भी हुआ है। केकेआर यह बात समझ नहीं पाई और अय्यर को रिलीज करके खुद के पैर पर कुल्हाड़ी मारने का काम किया था। केकेआर इस सीजन बाहर हो गई और पंजाब किंग्स ने पहला स्थान हासिल कर प्लेऑफ़ में जगह हासिल कर ली।
श्रेयस अय्यर ने पंजाब किंग्स को आगे से लीड किया है। उन्होंने बैटिंग में धमाल मचाने के अलावा कप्तानी भी बेहद जिम्मेदारी के साथ की है। श्रेयस अय्यर जब क्रीज पर होते है, तो पंजाब को कोई परेशानी नहीं होती क्योंकि वह भरोसेमंद खिलाड़ी है और टीम को आगे लेकर जाने में विश्वास रखते हैं।

आईपीएल में बतौर कप्तान एक धाकड़ कीर्तिमान के पीछे श्रेयस अय्यर भागते हुए नज़र आ रहे हैं। इस मामले में वह विराट कोहली के पीछे दौड़ रहे हैं। कोहली के कीर्तिमान को तोड़कर आगे निकलने का प्रयास वह कर रहे हैं और इस बार उनके पास मौका है। यह कीर्तिमान छक्कों से जुड़ा है।
बतौर कप्तान एक आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले प्लेयर का नाम विराट कोहली हैं और उन्होंने साल 2016 में यह कारनामा करते हुए तहलका मचाया था। कोहली ने उस सीजन धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए कुल 38 छक्के जमाए थे।
IPL 2025: कोहली का कीर्तिमान बरकरार
पिछले आठ साल से ज्यादा समय से कोहली का यह रिकॉर्ड बरकरार है। रोहित शर्मा को छक्कों का मास्टर कहा जाता है लेकिन वह भी इसे हासिल करने में नाकाम रहे हैं। श्रेयस अय्यर इस बार यह कीर्तिमान तोड़ सकते हैं। वह कोहली के आंकड़े से थोड़ा पीछे हैं।
IPL 2025: अय्यर के पास रिकॉर्ड का मौका
अय्यर ने पंजाब किंग्स के लिए बल्लेबाजी करते हुए अब तक कुल 31 छक्के उड़ाए हैं। अगर उनके बल्ले से 8 छक्के और आते हैं, तो विराट कोहली का यह कीर्तिमान ध्वस्त हो जाएगा। श्रेयस अय्यर की टीम फाइनल में जाती है, तो उनके पास बैटिंग करने के लिए दो मौके आएँगे। अगर पहले क्वालीफायर में टीम हार जाती है, तब भी दो मैच तो खेलने ही हैं। इन दोनों मैचों में वह अपने बल्ले का जलवा दिखा सकते हैं।
डेविड वॉर्नर रह जाएंगे पीछे
आईपीएल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले प्लेयर्स में डेविड वॉर्नर का नाम भी है। उन्होंने भी 31 छक्के जड़े थे। साल 2016 में वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बल्लेबाजी कर रहे थे। डेविड वॉर्नर को पछाड़ने से श्रेयस अय्यर महज एक शॉट दूर हैं। यह काम तो वह अगले मैच में ही कर देंगे।












Click it and Unblock the Notifications