IPL 2025: केकेआर को टिकट प्राइस में दादागीरी पड़ी भारी, कालाबाजारी से दर्शक हुए दूर और स्टेडियम खाली
IPL 2025: आईपीएल में कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में हो रहे मैचों की टिकट इस बार काफी ज्यादा है। इससे आम दर्शक स्टेडियम से दूर होता जा रहा है। केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान तो कुछ यही देखने को मिला। मैच देखने के लिए स्टेडियम में दर्शक नहीं आए।
दर्शकों के पास वैलिड टिकट होगा, तभी मैच देखने के लिए आ पाएंगे। कमाई करने के उद्देश्य से कोलकाता नाइटराइडर्स ने इस बार टिकटों के प्राइस में भारी वृद्धि कर दी थी। इसके बाद अंदेशा था कि आम दर्शक मुकाबला देखने नहीं आएगा और वही हुआ।

न्यूनतम टिकट 900 करने के बाद बुकमायशो (Bookmyshow) पर खरीदने का कोई ऑप्शन नहीं मिल रहा। वहां टिकट पहले से ही बिके हुए बताये जाते हैं। बाद में उनकी ब्लैकमार्केटिंग करते हुए टिकट 3000 से 4000 में बेचे जाने की खबरें सामने आई हैं। कालाबाजारी करने वाले लोग फेसबुक और इन्स्टाग्राम से टिकट बेचते हैं।
वनइंडिया को सूत्रों ने बताया कि बंगाल क्रिकेट संघ और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अधिकारियों को भी केकेआर के टिकट नहीं मिल रहे हैं। ये पदाधिकारी भी अपने परिवार और करीबी लोगों के लिए टिकट खरीदना चाहते हैं लेकिन उपलब्ध ही नहीं हो रहे।
ऑफलाइन काउंटर क्यों नहीं?
ऑफलाइन काउंटर नहीं बनाये जाने से कालाबाजारी का खतरा ज्यादा बढ़ गया और अंत में यही हो रहा है। ऑफलाइन काउंटर होने से फैन्स सीधा वहां जाकर टिकट खरीद सकते थे। ऑनलाइन माध्यम से टिकट बेचने के पीछे मंशा कालाबाजारी की ज्यादा लगती है। हर कोई इस बारे में चर्चा कर रहा है और केकेआर मैनजमेंट के संज्ञान में भी यह बात है लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
आधा स्टेडियम रहा खाली
केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच गुरुवार को खेले गए मैच में आधा स्टेडियम खाली था। यह कालाबाजारी और कीमतों में भारी वृद्धि का नतीजा है। केकेआर ने कमाई करने के लिए टिकटों के प्राइस बढाए थे लेकिन उनका यह फैसला बैकफायर कर गया। केकेआर और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच 8 अप्रैल को होने वाले मैच के लिए टिकटों की प्राइस में कुछ कमी की गई है लेकिन पूरी कटौती नहीं हुई है। प्राइस अब भी ज्यादा है।
ब्लैक मार्केटिंग वालों के पास कैसे गए टिकट?
न्यूनतम टिकट 900 का रखा गया है, जो आम आदमी की पहुँच से दूर है, तो वही टिकट ब्लैक मार्केट में 3 से 4 हजार में कैसे मिल रहा है? यह एक बड़ा सवाल है। विराट कोहली, धोनी और रोहित शर्मा जैसे प्लेयर्स को देखने के लिए तो स्टेडियम भर सकता है लेकिन हर मैच में ऐसा नहीं होगा।
कमाई के लिए बढ़ाये टिकटों के प्राइस
900 के बाद टिकट 2000 और 3500, 5000 से होता हुआ 15000 रुपये तक जा रहा है, जो कहीं से भी न्यायसंगत नहीं है। ईडन गार्डंस की सिटिंग कैपेसिटी 68000 के करीब है। ऐसे में सवाल यह है कि सभी टिकट जा कहाँ रहे हैं। केकेआर को इस बारे में सोचना पड़ेगा क्योंकि आईपीएल में दाम उनकी तरफ से ही तय होते हैं, बंगाल क्रिकेट संघ का कोई हाथ नहीं होता। आईपीएल शुरू होने से पहले ही संभावना जताई जा रही थी कि इस बार स्टेडियम खाली रहेगा और हैदराबाद के खिलाफ मैच में यही हुआ, 9 बजे तक आधिकारिक अटेंडेंस 34000 थी।












Click it and Unblock the Notifications