IPL के प्लेऑफ में बल्लेबाजी के कीर्तिमान क्या होते हैं, वह शुभमन गिल ने दिखा दिया, बना दिए नायाब रिकॉर्ड
GT vs MI Shubman Gill: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में शुभमन गिल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए एक और शानदार शतक जड़ दिया।

IPL 2023 Shubman Gill: शुभमन गिल गुजरात टाइटंस के लिए इस सीजन में सबसे करामाती बल्लेबाज साबित हो रहे हैं जिन्होंने अभी तक 851 रन बना दिए हैं। उनके बाद फाफ डु प्लेसिस ने 730 रन बनाए हैं। लेकिन आरसीबी की टीम पहले ही प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है। इसका मतलब साफ है कि शुभ्मन गिल इस सीजन के ऑरेंज कप विजेता भी बन चुके हैं।
शुभमन ने आईपीएल 2023 के दूसरे क्वालीफायर में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 60 गेंदों पर 129 रनों की आतिशी पारी खेली जिसमें 7 चौके और 10 छक्के लगाए गए। इस पारी की खासियत यह है कि यह पिछले चार मैचों में गिल का तीसरा शतक है।
इससे पहले गिल ने आईपीएल में कोई शतक नहीं लगाया था और इसी सीजन में वह तीन शतक ठोक चुके हैं। गिल कमाल है, वे बेमिसाल है। यह आईपीएल में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इतना ही नहीं, ये आईपीएल के प्लेऑफ में यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
आईपीएल के प्लेऑफ की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के भी आज गिल ने ही लगाए। इससे पहले रिद्धिमान साहा ने 8 छक्के 2014 के फाइनल मुकाबले में लगाए थे। गिल ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने के मामले में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। नंबर 1 पर विराट कोहली है जिन्होंने 2016 में आरसीबी के लिए 122 बाउंड्री लगाई थी जिसमें चौके और छक्के दोनों शामिल थे। गिल ने इस सीजन में 111 बाउंड्री लगा दी है।
आज के मुकाबले में गिल और साईं सुदर्शन ने 138 रनों की साझेदारी की जो आईपीएल के प्लेऑफ में किसी भारतीय जोड़ी द्वारा बनाई गई सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है। अब अगर गुजरात टाइटंस की टीम फाइनल में पहुंचती है तो गिल के पास जॉस बटलर का रिकॉर्ड तोड़ने का बहुत आसान मौका है। गिल अभी तक 851 रन बना चुके हैं और जॉस बटलर ने पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 863 रन बनाए हुए हैं।
फिलहाल गिल आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। नंबर 1 पर विराट कोहली है जिन्होंने आरसीबी के लिए 2016 में 973 रन बनाए थे। इतना ही नहीं गिल ने आईपीएल के प्लेऑफ में शतक लगाने के मामले में सबसे युवा खिलाड़ी बनकर भी इतिहास रचा है।












Click it and Unblock the Notifications