SRH vs DC: मैच से पहले दिल्ली में हैदराबाद के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज की एंट्री, क्या बदलेगी टीम की किस्मत
Sunrisers Hyderabad vs Delhi Capitals: सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच सोमवार को एक बेहद ही अहम मुकाबला खेला जाना है। दोनों टीमों के लिए इस मुकाबले में जीत जरूरी है।

SRH vs DC, 34th Match, Indian Premier League 2023: आईपीएल 2023 में दिल्ली की टीम का प्रदर्शन अब तक बेहद साधारण रहा है। दिल्ली को छह मैचों में से सिर्फ एक में जीत मिली है। लगातार पांच हार झेलने के बाद दिल्ली की टीम को अपने पिछले मैच में केकेआर के खिलाफ 7 रनों से जीत हासिल हुई थी।
प्रियम गर्ग की एंट्री: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम में एक नए खिलाड़ी की एंट्री हो गई है। दिल्ली ने चोटिल तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी की जगह प्रियम गर्ग को अपने साथ जोड़ा है। दिल्ली इस सीजन अपनी बल्लेबाजी की समस्या से बुरी से जूझ रही है।
हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं गर्ग: दिल्ली कैपिटल्स से पहले प्रियम गर्ग आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं। लंबे समय तक हैदराबाद के लिए खेलने के बाद पिछले सीजन वह अनसोल्ड रह गए थे। गर्ग को किसी भी टीम ने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। ऐसे में अब दिल्ली ने उन्हें मौका दिया है।
कुछ खास नहीं रहा है करियर: प्रियम गर्ग का आईपीएल करियर अब तक कुछ खास नहीं रहा है। ऐसे में दिल्ली के लिए उनके पास बेहतर प्रदर्शन कर अपनी काबिलियत साबित करने का मौका होगा। प्रियम ने आईपीएल में अब तक 21 मैच खेलते हुए 17 पारियों में 15.69 की औसत से 251 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 115.14 का रहा है।
दिल्ली को खल रही पंत की कमी: दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन अपने नियमित कप्तान ऋषभ पंत की कमी खल रही है। पंत के गैर मौजूदगी में दिल्ली के मिडल ऑर्डर बल्लेबाज अब तक फ्लॉप रहे हैं। दिल्ली के लिए सबसे अधिक रन कप्तान डेविड वॉर्नर ने ही बनाए हैं। इसके अलावा किसी भी बल्लेबाज का बल्ला नहीं चला है।
दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर: दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अब तक 21 मुकाबले हुए हैं। इनमें दिल्ली को 10 और हैदराबाद को 11 में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच अब कांटे की टक्कर देखने को मिली है। पेपर पर दिल्ली के मुकाबले हैदराबाद की टीम अधिक मजबूत दिखाई पड़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications