MI vs KKR: 5 चौके-5 छक्के, महज 21 गेंदों में अर्धशतक, ईशान की पारी ने जीता फैंस का दिल
Mumbai Indians vs Kolkata Knight Riders, Ishan Kishan: कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ शुरुआत की।

MI vs KKR, 22nd Match, Indian Premier League 2023: कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के लिए ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मुंबई को एक जबरदस्त शुरुआत दिला दी। इस दौरान मैदान पर चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिली।
रोहित-ईशान की दमदार शुरुआत: रोहित शर्मा और ईशान किशन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने उमेश यादव और शार्दुल ठाकुर के खिलाफ कुछ बड़े शॉट्स लगाने का काम किया। पहले ओवर से ही केकेआर के गेंदबाज मुंबई के खिलाफ दवाब में नजर आए।
ईशान किशन ने जड़ा अर्धशतक: 186 रन का पीछा करते हुए ईशान किशन ने मुंबई के लिए महज 21 गेंदों में अर्धशतक जड़ने काम किया। वह 25 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 5 छक्के निकले। ईशान की बल्लेबाजी की बदौलत पावरप्ले में मुंबई इंडियंस ने एक विकेट पर 72 रन बना लिए।
बोल्ड होकर लौटे पवेलियन: ईशान किशन तेज गति से टीम के लिए रन बनाना जारी रखना चाहते थे। यही वजह रही कि वह हर गेंद पर बड़ा शॉट लगाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान वरुण चक्रवर्ती ने ईशान किशन को क्लीन बोल्ड कर मुंबई को बड़ा झटका दिया।
रोहित नहीं खेल सके बड़ी पारी: मुंबई का पहला विकेट कप्तान रोहित शर्मा के रूप में गिरा। रोहित बतौर इंपैक्ट प्लेयर बल्लेबाजी करने उतरे थे। रोहित शर्मा 13 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। सुयश शर्मा ने रोहित को उमेश यादव के हाथों कैच आउट कराया और केकेआर को बड़ी सफलता दिला दी।
केकेआर ने बनाए 185 रन: पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 186 रन का लक्ष्य रखा। कोलकाता के लिए सबसे ज्यादा 104 रन वेंकटेश अय्यर ने बनाए। वेंकटेश अय्यर के अलावा टीम का कोई भी दूसरा बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में सफल नहीं रहा।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग 11: ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), टिम डेविड, नेहल वधेरा, अर्जुन तेंदुलकर, ऋतिक शौकीन, पीयूष चावला, डुआन यानसेन, राइली मेरेडिथ।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग 11: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, एन जगदीसन, नीतीश राणा (कप्तान), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, लॉकी फर्ग्यूसन, वरुण चक्रवर्ती।












Click it and Unblock the Notifications