IPL 2023 Final में पहली बार बना ऐसा संयोग, मैदान में उतरते ही धोनी करेंगे कमाल, क्या आज टूटेगा महा रिकॉर्ड?
IPL 2023 Final Match Records: आज के फाइनल मुकाबले में पहली बार ऐसा संयोग बना है जो अभी आईपीएल के 15 खिताबी मैचों में देखने के लिए नहीं मिला था। जानिए आज कौन सा महारिकॉर्ड दांव पर लगा है।

IPL 2023 Final in Hindi: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में आज चेन्नई सुपर किंग्स की टीम गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबला करने जा रही है। इस मैच में कई शानदार रिकॉर्ड बन सकते हैं क्योंकि सामने महेंद्र सिंह धोनी एंड कंपनी है जिन्होंने लंबे समय से आईपीएल में बहुत ही शानदार खेल दिखाया है।
दूसरी ओर गुजरात टाइटंस के रूप में ऐसी होनहार टीम है जिन्होंने अपने दूसरे सीजन में ही अपने हुनर से बड़े-बड़े दिग्गजों को हैरान कर दिया है।
5वां खिताब आ सकता है- आज के मैच के बड़े रिकॉर्ड की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स अपने पांचवे आईपीएल खिताब से केवल एक जीत दूर खड़ी है। सीएसके टीम 2010, 2011, 2018 और 2021 में खिताब जीत चुकी है। आईपीएल में सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के नाम है और आज इसकी बराबरी हो सकती है।
शानदार संयोग पहली बार- आईपीएल में आज गजब का सहयोग भी बन रहा है। ऐसा पहली बार हो रहा है कि ओपनिंग मैच खेलने वाली टीमें फाइनल मैच में भिड़ने जा रही है। सीजन का ओपनिंग मैच चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच हुआ था जिसे गुजरात की टीम ने जीता था और अब यह दोनों टीमें ही फाइनल में एक दूसरे के आमने-सामने हैं।
धोनी बनेंगे बेमिसाल- महेंद्र सिंह धोनी जब टाइटंस के खिलाफ टॉस के लिए आएंगे तो वे आईपीएल के 11वें फाइनल में खेलेंगे। धोनी 10वीं बार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए फाइनल में उतरेंगे और उन्होंने एक बार 2017 में राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स की कप्तानी करते हुए फाइनल खेला था। यह धोनी का इस लीग में 250वां मैच भी है और वे ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी हैं।
महा रिकॉर्ड पर नजरें- अब बात करते हैं आज के मैच के सबसे बड़े संभावित रिकॉर्ड की, जिसकी काफी चर्चाएं हो रही हैं। विराट कोहली ने आईपीएल 2016 में आरसीबी के लिए खेलते हुए 973 रन बनाए थे। यह आईपीएल के एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है और शुभमन गिल अब तक 851 रन बना चुके हैं।
गिल को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 123 रनों की जरूरत है जो बड़ा आंकड़ा जरूर है लेकिन उनकी टॉप फॉर्म को देखते हुए आज कुछ भी संभव है। गिल ने इसी मैदान पर पिछले मैच में 129 रनों की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications