क्या रिटेन होने के लिये युजवेंद्र ने मांगे थे RCB से काफी पैसे, आखिरकार चहल ने तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है, जिसके 5वें मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करने उतरेगी। आईपीएल 2022 का 5वां मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला जाना है जिससे पहले इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के खेमे में शामिल हुए लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने बहुत बड़ा खुलासा किया है और बताया है कि नीलामी से पहले उनकी और आरसीबी के मैनेजमेंट के बीच क्या बात हुई थी।

उल्लेखनीय है कि 31 वर्षीय युजवेंद्र चहल को आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने रिटेन नहीं किया था और नीलामी में भी आरसीबी की टीम ने उन्हें अपने खेमे से नहीं जोड़ा। वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम ने चहल पर दांव लगाया और उन्हें मेगा ऑक्शन में 6.5 करोड़ रुपये की रकम देकर अपने खेमे में शामिल कर लिया।
और पढ़ें: कौन हैं लखनऊ के लिये डेब्यू करने वाले आयुष बदौनी, IPL के पहले ही मैच में मचाया धमाल

चहल को लेकर फैली है यह अफवाह
इस बीच एक सवाल जो युजवेंद्र चहल के फैन्स के मन में लगातार चल रहा था कि आखिर क्यों आरसीबी की टीम ने उन्हें रिटेन नहीं किया, इसका जवाब खुद लेग स्पिनर ने दिया है। आरसीबी की टीम की बात करें तो युजवेंद्र चहल ने उसके पिछले कुछ सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है और टीम सेटअप का अहम हिस्सा रहे थे, ऐसे में जब आरसीबी की टीम ने सिर्फ 3 ही खिलाड़ियों को रिटेन किया और चाथे खिलाड़ी के लिये एक स्थान खाली होने के बावजूद उन्हें रिटेन नहीं किया।
इसकी वजह से फैन्स के बीच लगातार एक अफवाह फैल रही है कि युजवेंद्र चहल ने आरसीबी के टीम मैनेजमेंट से रिटेन होने के लिये 12 करोड़ रुपये की रकम मांगी थी जिसकी वजह से मैनेजमेंट ने उन्हें रिटेन करने का फैसला नहीं किया। अब इस अफवाह को लेकर खुद युजवेंद्र चहल ने चुप्पी तोड़ी है और टाइम्स ऑफ इंडिया को दिये इंटरव्यू में बताया है कि मैनेजमेंट के साथ असल में क्या बात हुई थी।

असल में यह हुई थी आरसीबी मैनेजमेंट से बात
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिये इंटरव्यू में युजवेंद्र चहल ने बताया कि फ्रैंचाइजी ने उनसे बात की थी और बताया था कि वो किन खिलाड़ियों को रिटेन करने के बारे में सोच रही है और इसके अलावा उनके भविष्य को लेकर किसी से कोई बात नहीं हुई थी।
उन्होंने कहा,'मैं आरसीबी की टीम के साथ भावुक रूप से काफी अटैच हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं किसी दूसरी टीम के लिये कभी भी खेलूंगा। लोग और फैन्स सोशल मीडिया पर अभी भी मुझसे सवाल करते हैं कि मैंने इतना ज्यादा पैसा क्यों मांगा था। सच्चाई यह है कि माइक हेसन ( आरसीबी के क्रिकेट निदेशक) ने मुझे फोन किया था और कहा था कि सुनो युजी, हम 3 रिटेंशन (विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल और मोहम्मद सिराज) करने वाले हैं। उन्होंने मुझसे यह नहीं पूछा कि क्या मैं रिटेन होना चाहता हूं या नहीं या फिर मुझे ये बताया कि वो मुझे रिटेन करना चाहते हैं। उन्होने मुझे बताया कि हम 3 रिटेंशन करने वाले हैं और मेरे लिये रिटेंशन के दौरान जायेंगे। न ही मुझसे पैसे के लिये पूछा गया और न ही मैंने कोई ऑफर दिया। लेकिन मैं हमेशा अपने आरसीबी के फैन्स के लिये ईमानदार रहूंगा, चाहे कुछ भी हो जाये मेरा उनके लिये प्यार कभी कम नहीं होगा।'

राजस्थान के खेमे में पहले भी रह चुके हैं युजवेंद्र चहल
गौरतलब है युजवेंद्र चहल ने आईपीएल में कुल 114 मैचों में शिरकत की है जिसमें से 113 मैच आरसीबी की टीम के रंगों में खेले थे और 139 विकेट हासिल किये थे। अब आईपीएल के 15वें सीजन में युजवेंद्र चहल राजस्थान रॉयल्स की टीम के रंगों में खेलते हुए नजर आयेंगे। आपको बता दें कि युजवेंद्र चहल 2010 में भी राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा रहे थे लेकिन उन्होंने कभी भी उसके लिये कोई मैच नहीं खेला।












Click it and Unblock the Notifications