'उम्मीद है ज्यादा देर नहीं हुई' , IPL करियर का बेस्ट स्पेल फेंकने पर जानें क्या बोले उमेश यादव
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो चुका है जिसका 8वां मैच वानखेड़े के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स की टीम के बीच खेला गया। पंजाब किंग्स की टीम इस मैच में 205 रनों का पीछा कर जीत हासिल करने के बाद पहुंची थी लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों ने जिस तरह से प्रदर्शन किया उसके सामने पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर्स भी पूरे नहीं खेल सकी। केकेआर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और पंजाब किंग्स की टीम को 18.2 ओवर्स में 137 रन पर समेट दिया।

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये इस मैच में उमेश यादव ने अपने आईपीएल करियर का सबसे बेस्ट स्पेल फेंका और 4 ओवर में महज 23 रन देकर 4 विकेट हासिल किये। उमेश यादव ने साल 2013 के बाद आईपीएल में पहली बार 4 विकेट हॉल हासिल करने का कारनामा किया। 2013 में राजस्थान के खिलाफ उमेश यादव ने 24 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किये थे।
और पढ़ें: KKR vs PBKS: कोलकाता की गेंदबाजी में ढेर हुए पंजाब के शेर, उमेश-साउथी ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

उमेश ने छोड़ा भुवनेश्वर को पीछे
अपनी इस शानदार गेंदबाजी के दम पर उमेश यादव ने महज 3 मैचों में 8 विकेट पूरे कर लिये हैं और 8 मैचों के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही उमेश यादव ने आईपीएल 2022 की पर्पल कैप अपने नाम कर ली है। इस फेहरिस्त में उनके साथी गेंदबाज टिम साउथी दूसरे पायदान पर हैं जिन्होंने 2 मैच में 5 विकेट चटकाये हैं। इस मैच में भी साउथी ने 2 विकेट चटकाने का काम किया। उमेश यादव ने अपने आईपीएल करियर में चौथी बार 4 विकेट हॉल चटकाने का काम किया और आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार 4 से ज्यादा विकेट चटकाने वाले 9वें गेंदबाज बन गये हैं। उमेश यादव ने इस फेहरिस्त में अनिल कुंबले (3 बार), भुवनेश्वर कुमार (3 बार) और इमरान ताहिर (3 बार) को पीछे छोड़ एंड्रयू टॉय की बराबरी कर ली है।

पर्पल कैप मिलने पर क्या बोले उमेश यादव
उमेश यादव ने लंबे समय बाद आईपीएल में अच्छी गेंदबाजी का प्रदर्शन किया है। आखिरी बार उमेश यादव को आईपीएल 2011 में 8 विकेट चटकाने में 11 मैच लग गये थे लेकिन इस बार महज 3 मैचों में ही उन्होंने यह कारनामा किया है। पंजाब की पारी को समेटने के बाद जब उमेश यादव से इसको लेकर बात की गई तो उन्होंने कहा टीम के लिये योगदान देकर काफी खुशी हो रही है।
उन्होंने कहा,'इस प्रदर्शन के बाद काफी खुश और जिंदादिल महसूस कर रहा हूं। लंबे समय के बाद जब इस तरह का प्रदर्शन आता है तो काफी अच्छा लगता है, उम्मीद है कि ज्यादा देर नहीं हुई है। जब आप कुछ करना चाहते हैं और उसे हासिल कर लेते हैं तो बहुत अच्छा लगता है। मेरा काम है कि पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी कर विकेट निकालूं और अगर मैं यह करने में कामयाब रहता हूं तो टीम को फायदा होगा।'

आसानी से चेज हो जाना चाहिये स्कोर
उमेश यादव ने पंजाब किंग्स की ओर से मिले 138 रन के लक्ष्य पर भी बात की और कहा कि मुझे लगता है कि यह लक्ष्य आसानी से चेज किया जा सकता है। हमने अपना पहला मैच भी इसी मैदान पर खेला था लेकिन उस वक्त पिच थोड़ी स्टिकी थी लेकिन आज के मैच की पिच ज्यादा बेहतर है। मुझे नहीं लगता है कि हमें इसका पीछा करते हुए ज्यादा दिक्कत होनी चाहिये।












Click it and Unblock the Notifications