IPL 2022: विराट कोहली ने क्यों छोड़ी आरसीबी की कप्तानी, कोच माइक हेसन ने किया ने किया खुलासा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के लिये सभी टीमों ने अपने-अपने कप्तान का ऐलान कर दिया है। शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने भी अपने कप्तान का ऐलान करते हुए साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान और विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस को टीम की कमान सौंपी है। लंबे समय तक रॉय चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम की कमान संभालने वाले विराट कोहली ने पिछले सीजन के दौरान अपनी कप्तानी से इस्तीफा देने का ऐलान किया था जिसके बाद डुप्लेसिस ने आरसीबी की टीम की कमान संभाली है, जिन्हें नीलामी के दौरान 7 करोड़ रुपये में बेंगलुरू के खेमे से जोड़ा गया है।

उल्लेखनीय है कि विराट कोहली के करियर में पिछले साल सितंबर के बाद से ही काफी बदलाव देखने को मिले हैं, जिसमें उन्होंने आरसीबी समेत भारतीय टीम के हर प्रारूप की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। इस दौरान कुछ ऐसी रिपोर्ट सामने आयी थी जिसमें कोहली के दोबारा से आरसीबी की कप्तानी संभालने का दावा किया जा रहा था, हालांकि नीलामी में डुप्लेसिस के टीम से जुड़ने के बाद इसकी उम्मीद खत्म हो गई।
और पढ़ें: AUS vs PAK: हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए पाकिस्तान के जहीर अब्बास, खास फेहरिस्त में हुए शामिल

हेसन ने बताया क्यों कोहली ने छोड़ी कप्तानी
विराट कोहली ने साल 2013 में आरसीबी की टीम कमान संभाली थी लेकिन 9 सीजन तक टीम को सफलता दिला पाने में नाकाम रहने की वजह से उन्होंने कप्तानी से ब्रेक लेने का फैसला किया। इस बीच आरसीबी के क्रिकेट ऑपरेशन्स के निदेशक माइक हेसन ने कोहली के कप्तानी छोड़ने के पीछे के कारणों की जानकारी दी है। हेसन ने बतया कि कोहली लीडरशिप ग्रुप से एक ब्रेक चाहते थे, जिसकी वजह से उन्होंने यह निर्णय लिया और मैनेजमेंट ने उनका भरपूर साथ दिया।
हेसन ने आरसीबी के अनबॉक्स इवेंट में बात करते हुए कहा,'विराट ने एक कप्तान के रूप में इस फ्रैंचाइजी को अपना सबकुछ दिया है। उन्होंने इस टीम को अपना दिल और आत्मा समर्पित की है। यह बिल्कुल साफ है कि जब आप किसी रोल से इस्तीफा देते हैं तो आप एक ब्रेक चाहते हैं। वह आरसीबी में अपने टाइम का आनंद लेना चाहते हैं और एक सीनियर बल्लेबाज खिलाड़ी के रूप में योगदान देना चाहते हैं। हम उनके फैसले का काफी सम्मान करते हैं।'

क्यों बनाया गया डुप्लेसिस को कप्तान
हेसन ने आगे बात करते हुए बताया कि फाफ डुप्लेसिस को आरसीबी की टीम का नया कप्तान बनाये जाने से पहले विराट कोहली से भी बात की गई थी और जब एबी डिविलियर्स और कोहली ने उनके नाम को सामने से दिया तो ही यह फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा,'परिस्थितियां बदल जाने का मतलब यह नहीं है कि हमारे लिये आईपीएल में आने और टीम के लिये जीत हासिल करने की इच्छा में बदलाव आ गया है। हमने टीम के नये कप्तान के विकल्प के लिये विराट से भी बात की थी और फाफ के नाम को लेकर वो काफी उत्साहित नजर आये। हमने इस बारे में एबी डविलियर्स से भी सलाह ली और उन्होंने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।'

अब खुलकर खेल सकेंगे कोहली
हेसन ने इस दौरान कोहली के बल्लेबाजी में चले आ रहे संघर्ष पर भी बात की और कहा कि कप्तानी का बोझ उतर जाने के बाद उनके पास खुलकर खेलने की काफी आजादी होगी। उल्लेखनीय है कि विराट कोहली पिछले 28 महीनों से एक बार भी शतक नहीं लगा पाये हैं।
उन्होंने कहा,'विराट कोहली ने अपना खुद का एक स्टैंडर्ड बना दिया है, जिसे बरकरार रख पाना आसान नहीं है। उनका मैदान पर 2 रन चुरा लेने की काबिलियत काफी शानदार है। ऐसे में परेशान होने की जरूरत नही है। ऐसे में जब वो एक रन ले रहे हैं तो वो 3 और 4 रन भी बना सकते हैं। वह दुनिया के टॉप 5 बल्लेबाजों में अभी भी शुमार हैं जो यह दर्शाता है कि रनों के मामले में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और मुश्किल रन बना रहे हैं। आरसीबी के लिये इस साल कप्तानी नहीं करने से उन पर दबाव कम होगा।'












Click it and Unblock the Notifications