IPL 2022 : सिंगापुर का ऐसा क्रिकेटर जो मशहूर नहीं, लेकिन मुंबई ने 8.25 करोड़ में खरीदा
नई दिल्ली। आईपीएल...एक ऐसा फाॅर्मेट जो उन खिलाड़ियों को आगे आने का माैका देता है जिन्हें क्रिकेट फैंस जानते भी नहीं होंगे। आईपीएल 2022 की नीलामी में भी कई ऐसे क्रिकेटरों पर बोली लगती दिखी जो पहली बार आईपीएल में खेलते हुए नजर आएंगे। आईपीएल एक ऐसा मंच है जो दुनियाभर से क्रिकेटरों को छाने का माैका देता है। नीलामी में एक ऐसे क्रिकेटर की बोली लगी, जिसके बारे में आप जानते भी नहीं होंगे। जी हां, ये क्रिकेटर सिंगापुर से है, जिसे दुनिया में नाम कमाने का माैका मुंबई इंडियंस ने दिया।
यह भी पढ़ें- IPL 2022 : ये रहे सबसे महंगे टाॅप-5 खिलाड़ी, लिस्ट में सिर्फ एक विदेशी शामिल

8.25 करोड़ में खरीदा
जी हां, ये गुमनाम खिलाड़ी है टिम डेविड। ये वो नाम है जिसे पहले शायद ही कोई क्रिकेट प्रेमी गहराई से जानता हो, लेकिन मुंबई फ्रेंचाइजी ने इसे 8.25 करोड़ में खरीदा है। खास बात यह है कि डेविड का बेस प्राइस 40 लाख था, लेकिन इन्हें खरीदने के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम ने शुरु से ही काफी ज्यादा उत्सुकता दिखाई। हालांकि अंत में मुंबई ने उन्हें मोटी रकम से साथ अपने साथ जोड़ लिया। केकेआर के अलावा लखनऊ व दिल्ली कैपिटल्स ने भी दिलचस्पी दिखाई।

डेविड का टी-20 करियर
बल्लेबाजी ऑलराउंडर डेविड का टी20 रिकाॅर्ड भी शानदार है। वह अब तक 85 टी-20 मैचों में 34.69 की औसत और 159.39 की स्ट्राइक रेट से 1,908 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 9 अर्धशतक लगाए हैं। साथ ही गेंदबाजी में उन्होंने सात विकेट लिए हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय मैचों में डेविड ने सिंगापुर की ओर से 14 मैच खेले हैं, जिसमें 46.50 की औसत और 158.52 के स्ट्राइक रेट से 558 रन बनाए हैं। इस दाैरान उन्होंने चार अर्धशतक भी लगाए हैं।

IPL खेलने वाले सिंगापुर के पहले क्रिकेटर हैं
इसके अलावा डेविड आईपीएल खेलने वाले सिंगापुर के पहले क्रिकेटर हैं। छह फीट और पांच इंच लंबे डेविड ने पिछले सीजन अपनी बेस प्राइस 20 लाख रुपए ही रखी थी। हालांकि, लीग के दूसरे चरण में फिन ऐलन की जगह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें साइन किया था। डेविड को केवल एक ही मैच खेलने का मौका मिला था। वहीं डेविड के पिता रॉड डेविस ने 1997 आईसीसी ट्रॉफी में सिंगापुर के लिए खेली थी। उनका परिवार 90 के दशक में ऑस्ट्रेलिया से सिंगापुर आया था और डेविड का जन्म यहीं हुआ था। डेविड के पिता रॉड सिंगापुर में एक इंजीनियर के रूप में काम करते थे। फिर 1997 की एशियन आर्थिक मंदी के बीच उनका परिवार वापस ऑस्ट्रेलिया लौट गया। उस समय डेविड की उम्र दो ही साल थी। उनका पूरा बचपन पर्थ में बीता है, लेकिन वह सिंगापुर के लिए खेलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications