IPL 2022 में CSK से जुड़े युवा खिलाड़ी पर धोनी ने साधा निशाना, बताया कौन से स्किल को सुधारने की दी सलाह
नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का फुटबॉल के प्रति प्यार किसी से छुपा हुआ नहीं है, यहां तक कि क्रिकेट में विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाने से पहले धोनी फुटबॉल में बतौर गोलकीपर खेला करते थे। धोनी अपनी हाजिरजवाबी के लिये काफी मशहूर हैं और टीम में युवा बल्लेबाजों के साथ अपने कूल अंदाज को शेयर करना उन्हें प्लेयर्स के बीच और भी मशहूर बनाता है। ऐसा ही वाक्या इस साल सीएसके के खेमे में तब देखने को मिला जब धोनी अपनी टीम के नये प्लेयर को छकाते नजर आये।

सीएसके की मालिकाना हक वाली कंपनी इंडिया सीमेंटस की ओर से आयोजित की गई एक वर्चुअल बातचीत के दौरान कप्तान एमएस धोनी के साथ अंडर 19 विश्वकप में धमाल मचाने वाले युवा ऑलराउंडर राज्यवर्धन हांगरेकर भी भाग लेते नजर आये, जिन्हें सीएसके की टीम ने इस सीजन अपने खेमे में शामिल किया है।
और पढ़ें: 'सिर्फ एक गलती खत्म कर सकती है गेंदबाज का करियर', ICC के नये नियमों पर अश्विन ने तोड़ी चुप्पी

धोनी ने बताया क्या मिली हांगरेकर को सलाह
इस दौरान धोनी ने हांगरेकर की फुटबॉल स्किल्स को लेकर मजाकिया अंदाज में निशाना साधा और कहा कि उन्हें अपनी फुटबॉल स्किल्स में सुधार करने के लिये कहा गया है। इस कार्यक्रम के दौरान शिवम दुबे भी मौजूद थे। यह मजाकिया बातचीत उस वक्त शुरू हुई जब हांगरेकर से धोनी के साथ हुई उनकी बातचीत के बारे में पूछा गया। यह युवा क्रिकेटर कुछ बोल पाता उससे पहले ही धोनी के जवाब ने फैन्स को खुश कर दिया।

अभ्यास के पहले दिन धोनी ने क्या दी हांगरेकर को सलाह
उल्लेखनीय है कि सीएसके की टीम ने राज्यवर्धन हांगरेकर को मेगा ऑक्शन के दौरान 1.5 करोड़ रुपये में अपने खेमे में जोड़ा है। धोनी के मजाकिया अंदाज के बाद हांगरेकर ने बताया कि अभ्यास के पहले दिन उन्हें माही भाई से क्या सलाह मिली।
हांगरेकर ने कहा,'अभ्यास के पहले दिन एमएस भैया ने मुझसे कहा कि वही करो जो अब तक करते आये हो। कुछ भी बदलने की जरूरत नहीं है। तुमने अब तक जो किया है वो काफी अच्छा किया है और इसे ही जारी रखो। यह मेरे लिये काफी अच्छी सलाह थी क्योंकि मैं जो भी कर रहा हूं उसमें मुझे आजादी का एहसास है।'

साथ खेलने को उत्साहित हैं खिलाड़ी
गौरतलब है कि हांगरेकर ने इस साल वेस्टइंडीज में खेले गये अंडर 19 विश्व कप के दौरान 4 विकेट हासिल किये थे तो वहीं पर बल्लेबाजी में भी कई बड़े छक्के लगाये थे। हाल ही में हांगरेकर सूरत में लगे सीएसके के ट्रेनिंग कैंप के दौरान धोनी से बात करते नजर आये थे। वहीं धोनी ने अभ्यास सेशन की जमकर तारीफ की और टीम की तैयारियों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा,'हर कोई पहले से ज्यादा उत्साहित है। इन 15-20 दिनों ने हमें एक दूसरे को समझने का अतिरिक्त समय दिया और सूरत में मिली सुविधायें काफी शानदार थी। हमें जो भी चाहिये था वो मुहैया कराया गया। यहां का रिशेप्सन और उनकी मेहमान नवाजी सबकुछ लाजवाब था।'

26 मार्च को सीएसके खेलेगी सीजन ओपनर
आपको बता दें कि आईपीएल में 4 बार खिताब जीत चुकी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को अपना पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 26 मार्च को वानखेड़े के मैदान पर खेलना होगा जो कि टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच भी है। सीएसके की टीम को आईपीएल 2022 के ग्रुप बी में रखा गया है, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस शामिल हैं, जिन्हें एक दूसरे के साथ 2-2 मैच खेलने हैं, वहीं चेन्नई को ग्रुप ए से मुंबई के खिलाफ 2 और बची हुई 4 टीमों से एक-एक मैच खेलना है।












Click it and Unblock the Notifications