भारत में नहीं हो सकता IPL 2022, इन दो देशों के नाम आए सामने : रिपोर्ट
नई दिल्ली। भारत में आए दिन कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस कारण घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट्स को पहले ही बीसीसीआई द्वारा स्थगित कर दिया गया है। इस बीच खबर आई है कि आईपीएल 2022 का सीजन भी भारत में नहीं हो सकता। ऐसे में दो देशों के नाम सामने आए हैं जो मेजबानी कर सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक देश में कोरोना के प्रकोप के मद्देनजर साउथ अफ्रीका या श्रीलंका में आईपीएल 2022 खेला जा सकता है।
यह भी पढ़ें- अंडर-19 विश्व कप के दाैरान इन 5 भारतीयों पर रहेंगी सबकी निगाहें

अफ्रीकी व्यवस्था से खुश है BCCI
भारत में कोविड मामलों में लगातार बढा़ैतरी देखी जा रही है और अगर आने वाले महीनों में चीजें नहीं सुधरती हैं, तो बीसीसीआई सीजन-14 को साउथ अफ्रीका में करवाने पर विचार करेगा, जहां टीम इंडिया वर्तमान में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई मौजूदा दौरे पर क्रिकेट साउथ अफ्रीका की व्यवस्था से बेहद खुश है, यही प्रमुख कारण है कि अगर आईपीएल सीजन-14 भारत में नहीं होता है तो भारतीय क्रिकेट बोर्ड विकल्प के रूप में उन्हें देख रहा है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने भारत में चुनाव के कारण 2009 में टी20 लीग की मेजबानी की थी। इसके अलावा श्रीलंका में भी आईपीएल मैच करवाने के लिए बीसीसीआई प्लान तैयार कर सकता है।

मेजबानी के लिए नए देश की तलाश में बोर्ड
रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका भी बीसीसीआई के लिए लीग की मेजबानी करने के लिए प्लान बी का हिस्सा है। आगामी सीजन दो नई टीमों लखनऊ और अहमदाबाद के जुड़ने के साथ अब तक का सबसे लंबा सीजन होने की उम्मीद है। पिछले दो सत्रों बीसीसीआई ने देश में कोविड मामलों में वृद्धि के बाद टूर्नामेंट को यूएई में शिफ्ट किया था। हालांकि बोर्ड इस बार आईपीएल की मेजबानी के लिए नए देश की तलाश में है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से कहा, "हम हर समय यूएई पर निर्भर नहीं रह सकते हैं इसलिए हमने और विकल्प तलाशने का फैसला किया है, साउथ अफ्रीका का समय अंतर भी खिलाड़ियों के लिए अच्छा है।"

पहले महाराष्ट्र में पूरी लीग करवाने की थी योजना
रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका में चल रही टेस्ट सीरीज के इंतजामों से भारतीय क्रिकेट बोर्ड खुश है। उन्होंने कहा, 'जहां टीम दूसरे टेस्ट के लिए रुकी थी वह जगह कई एकड़ में फैली हुई है। वहां होटल के अंदर खिलाड़ियों के लिए अच्छी सुविधाएं हैं।' टाइम ऑफ इंडिया में पहले की एक रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड ने महाराष्ट्र में पूरी लीग को चार स्थानों पर आयोजित करने की योजना बनाई थी, लेकिन बढ़ते मामलों के कारण रणजी ट्रॉफी और महिला टी 20 लीग को स्थगित करना और घरेलू अंडर -19 कूच बिहार ट्रॉफी को रोकना, बीसीसीआई को आईपीएल 2022 शेड्यूल को फिर से तैयार करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
हाल ही में, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा है कि क्रिकेट बोर्ड यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा कि आईपीएल का अगला संस्करण भारत में हो। हालांकि कोई आधिकारिक तारीख निर्धारित नहीं की गई है, आईपीएल 2022 के अप्रैल की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है, नीलामी संभवत: फरवरी की शुरुआत में हो सकती है। शुक्ला ने मंगलवार को समाचार एजेंसी एएनआई से कहा था , "हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि इंडियन प्रीमियर लीग और भारत में हो। लेकिन हम फिर मार्च में फिर से इस मामले में देखेंगे कि कोविड की स्थिति कैसी है।












Click it and Unblock the Notifications