अंतिम ओवर में 9 रन भी नहीं बना पाए, हार के बाद बल्लेबाजों से निराश हुए हार्दिक पांड्या
मुंबई, 7 मई: गुजरात टाइटंस की टीम आमतौर पर विपक्षी टीमों ने मैच छीनने के लिए जानी जाती है लेकिन इस बार उनके साथ वही काम मुंबई इंडियंस ने किया। गुजरात को आखिरी ओवर में जीत के लिए केवल 9 रनों की दरकार थी और उसके पास राहुल तेवतिया व डेविड मिलर जैसे मैच जिताने वाले खिलाड़ी मौजूद थे।
अंतिम ओवर फेंकने के लिए भी डेनियल सम्स आए जिन पर आसानी से हिट किया जा सकता था लेकिन कमाल यह हो गया कि गुजरात के बल्लेबाज इस ओवर में 3 ही रन बना सके क्योंकि तेवतिया रन आउट हो गए थे और मिलर को सम्स की धीमी गेंदें समझ ही नहीं आ रही थी।
Recommended Video

गुजरात को दिल तोड़ने वाली हार मिली
इसके साथ ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई दूसरी जीत दर्ज करने में कामयाब रही। गुजरात को दिल तोड़ने वाली हार मिली और मैच के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि बल्लेबाजी ने टीम को निराश किया।
मुंबई द्वारा दिए गए 178 रनों के लक्ष्य का पीछा करना इतना मुश्किल नहीं था क्योंकि रिद्धिमान साहा (55) और शुबमन गिल (52) पहले विकेट के लिए 106 रन जोड़ चुके थे लेकिन बाकी बल्लेबाज ने गंभीर तौर पर निराश किया।

हीरो ही विलेन बन गए-
डेविड मिलर, राहुल तेवतिया और राशिद खान इस हार के विलेन थे और विडंबना देखिए यही तीनों इसी सीजन में विभिन्न मौकों पर अकेले दम पर गुजरात को मुकाबले जिता चुके हैं।
लेकिन अब तीनों की विफलता ने गुजरात को प्रतियोगिता की लगातार दूसरी हार का स्वाद चखा दिया। हार्दिक पांड्या ने 14 गेंदों पर 24 रनों का योगदान दिया। हार्दिक ने मैच के बाद कहा कि दो रन आउट ने टीम को झटका दिया।

बल्लेबाजों ने निराश किया है- हार्दिक पांड्या
उन्होंने कहा, "हम किसी भी दिन लास्ट ओवर में 9 रन कर सकते हैं। वे दो रन आउट हम पर भारी पड़े। मुझे लगता है बल्लेबाजों ने निराश किया है।
"टी20 क्रिकेट में आप लगातार दो गेम नहीं हार सकते।"
हार्दिक ने कहा कि जीटी ने कुछ बेवकुफाना गलतियां की जिसका खामियाजा उनकी टीम को भुगतना पड़ा।

हमने 19.2 ओवर तक बढ़िया क्रिकेट खेला
हार्दिक ने आगे कहा, "हमने 19.2 ओवर तक बढ़िया क्रिकेट खेला, एक या दो हिट खेल में अंतर पैदा कर देते। हमें इसको अंतिम ओवर तक नहीं खींचना चाहिए था।"
हालांकि जीटी अभी भी शान के साथ टॉप पर विराजमान है और प्लेऑफ के लिए पूरी तरह से दावेदार है। हालांकि हार्दिक पांड्या और टीम मैनेजमेंट को चिंतन मनन करना होगा कि टीम में कहां गंभीर खामियां हैं जो पिछले मैच में निकलकर सामने आई हैं क्योंकि लीग में अब कुछ ही मैच बचे हैं।












Click it and Unblock the Notifications