'लखनऊ की कप्तानी से नहीं मिलेगी भारतीय टीम की कमान', IPL 2022 से पहले गंभीर ने दी राहुल को चेतावनी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में 8 के बजाय 10 टीमें भिड़ती नजर आयेंगी, जिसके चलते इस बार फैन्स को दो नयी टीमों का रोमांच पहली बार देखने को मिलेगा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस के साथ ही इस सीजन केएल राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ सुपरजाएंटस भी पहली बार आईपीएल में खेलती नजर आयेगी। फैन्स की नजर इस सीजन खेलने वाली दो नयी टीमों के प्रदर्शन के साथ ही दोनों खिलाड़ियों पर भी रहेगी, जहां पर हार्दिक पांड्या भारतीय टीम में वापसी करने की कोशिश करते नजर आयेंगे तो वहीं पर केएल राहुल अपनी कप्तानी की काबिलियत साबित कर भविष्य के भारतीय कप्तान की दावेदारी को मजबूत करेंगे।

हालांकि आईपीएल के 15वें सीजन के आगाज से पहले लखनऊ सुपर जाएंटस के मेंटॉर गौतम गंभीर ने कप्तान केएल राहुल को चेतावनी जारी की है। गौतम गंभीर ने केएल राहुल की कप्तानी पर बात करते हुए साफ किया है कि आईपीएल में कप्तानी का मतलब यह नहीं है कि उन्हें भारतीय टीम की कमान अपने आप ही मिल जायेगी।
और पढ़ें: IPL 2022: धोनी और ऋषभ पंत के बीच क्या है समानता, शेन वॉटसन ने गिनायी दोनों की खूबियां

हमें राहुल की बतौर कप्तान नहीं बल्लेबाज वाली सेवा चाहिये
गौतम गंभीर ने आगे बात करते हुए केएल राहुल के रोल को साफ किया कि टीम में उनका रोल बिल्कुल साफ है। हमें बतौर बल्लेबाज केएल राहुल की सेवायें चाहिये जो कि टीम की कमान को संभालने का भी हुनर रखता हो, न कि वो कप्तान जो कि बल्लेबाजी भी कर सके। उल्लेखनीय है कि केएल राहुल इस समय भारतीय टीम में सभी प्रारूप के उपकप्तान की भूमिका भी निभा रहे हैं और उन्हें भविष्य में भारतीय टीम के कप्तान के रूप में भी देखा जा रहा है। लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने इस खिलाड़ी को 17 करोड़ रुपये देकर ऑक्शन से पहले अपनी टीम में शामिल किया था।
इंडिया टुडे से बात करते हुए गंभीर ने कहा,'जाहिर सी बात है कि एक टीम का कप्तान उसका ध्वजवाहक होता है और हमारी टीम की कमान मैदान के अंदर और बाहर केएल राहुल के हाथों में रहने वाली है। मेरे लिये यह जरूरी है कि हम केएल राहुल को बतौर बल्लेबाज इस्तेमाल कर सकें, जो कि टीम की कमान भी संभाल सकी। हम उन्हें एक कप्तान के रूप में नहीं देख रहे जो कि बल्लेबाजी भी कर सके। मुझे उम्मीद है कि मैं आप लोगों को दोनों के बीच का अंतर समझा सकूं।'

मैं चाहता हूं कि राहुल बनें निडर कप्तान
गौतम गंभीर ने आगे बात करते हुए कहा कि वो चाहते हैं कप्तान केएल राहुल की एप्रोच सीजन के दौरान निडर रहे और वो इसी एप्रोच के साथ टीम को आगे बढ़ाते हुए नजर आयेंगे।
उन्होंने कहा,'कोई भी कप्तान रिस्क लेना सीख सकता है। मैं चाहता हूं कि केएल राहुल रिस्क लेना सीखे और जब तक आप इन परेशानियों को कैलकुलेट करना नहीं सीखेंगे आप नहीं जान सकते कि आपकी टीम सफल होगी या नहीं। इतना ही नहीं हमारी टीम के लिये इस सीजन क्विंटन डिकॉक विकेटकीपिंग करते नजर आयेंगे, जिसका मतलब है कि उन पर विकेटकीपिंग का अतिरिक्त दबाव नहीं होगा, वो आजाद और रिलैक्स महसूस कर सकते हैं और अपनी बल्लेबाजी और कप्तानी पर पूरा ध्यान लगा सकते हैं।'

IPL से नहीं मिलती भारतीय टीम की कप्तानी गारंटी
गौरतलब है कि केएल राहुल के बतौर कप्तान आईपीएल करियर की बात करें तो काफी शानदार रहा है जबकि बतौर कप्तान वो ज्यादा सफल नहीं हुए हैं। केएल राहुल ने बतौर खिलाड़ी 94 मैचों 47.43 की औसत से 3273 रन बनाने का काम किया है जिसमें उन्होंने 27 अर्धशतक के साथ 2 शतक भी जड़े हैं।
उन्होंने कहा,'एक बात अच्छे से समझने की जरूरत है। भारतीय टीम का कप्तान बनने और कमान संभालने का दावेदार होने में काफी अंतर होता है। मुझे कभी भी इस बात पर यकीन नहीं है कि आपको आईपीएल इस वजह से खेलना चाहिये क्योंकि आप राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की ओर देख रहे हैं। आईपीएल ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां पर खिलाड़ी खुद को एक्सप्रेस करता है, यहां पर एक कप्तान के रूप में आप ग्रो कर सकते हैं लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं है कि समय के साथ आईपीएल आपको भारतीय टीम का कप्तान बना सकता है।'












Click it and Unblock the Notifications