इन 5 बल्लेबाजों ने रनों की लहर को सुनामी में बदल दिया, अंतिम ओवरों में सब 'फिनिश' कर दिया
नई दिल्ली, 30 मई: आईपीएल 2022 समाप्त हो चुका है और गुजरात टाइटंस के तौर पर नया विजेता भी मिल चुका है। यह टीम पहली बार ही सीजन में उतरी और हार्दिक पांड्या की अगुवाई में खिताब ले उड़ी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच आईपीएल 2022 किसी ठंडी हवा के झोंके जैसा है जहां पर दुनिया भर के खास खिलाड़ी एकजुट होकर खेलते दिखाई दिए और हमने कई बेहतरीन परफॉर्मेंस देखी। T20 क्रिकेट में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका फिनिशर की होती है।

पूरे सीजन में टॉप फिनिशर कौन रहे
जैसे टेस्ट क्रिकेट ओपनरों पर टिका होता है वैसे ही T20 क्रिकेट में हार जीत कई बार फिनिशर ही तय करते हैं और इस सीजन में हमें कुछ ऐसी जबरदस्त फिनिशिंग भी देखने को मिली जिसने हमें दांतो तले उंगली दबाने के लिए मजबूर कर दिया। इनमें कुछ ऐसे खिलाड़ी भी थे जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की फलक पर गायब हो चुके थे लेकिन दिनेश कार्तिक जैसे खिलाड़ियों ने फिर से वापसी करने में कामयाबी हासिल की। आईपीएल का सुनहरा सफर समाप्त हो गया है तो आइए देखते हैं इस पूरे सीजन में टॉप फिनिशर कौन रहे।
Recommended Video

डेविड मिलर
इस खिलाड़ी की जितनी बात की जाए उतनी कम होगी क्योंकि गुजरात टाइटंस के लिए डेविड मिलर एक हीरे जैसे साबित हुए हैं। उन्होंने कई मैच विजेता पारियां खेली। ऐसे मुकाबले रहे जब गुजरात टाइटंस किसी भी स्तर पर जीतते हुई दिखाई नहीं दे रही थी लेकिन डेविड मिलर ने टीम की नैया पार कराई। इस दौरान उन्होंने राहुल तेवतिया के साथ मिलकर भी कुछ अहम पारियां खेली। हम डेविड मिलर को आईपीएल की प्लेऑफ स्टेज में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी रौद्र रूप में देखते हैं।

'किलर मिलर' कहना ज्यादा मुफीद होगा
इसके बाद के फाइनल में आते हैं और उसी टीम के खिलाफ केवल 19 गेंदों पर 32 रनों की नाबाद पारी खेल जाते हैं और टीम को ट्रॉफी दिला जाते हैं। डेविड मिलर 16 मैचों की 16 पारियों में 9 बार नाबाद रहे। इससे पता चलता है कि उन्होंने कितनी बेहतरीन फिनिशिंग की। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 94 था, उन्होंने 68.71 के औसत के साथ 481 रन बनाए और अपनी टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 142.7 रहा।

दिनेश कार्तिक
दिनेश कार्तिक के बारे में क्या कहा जाए उनको तो फिनिशिंग के दम पर टीम इंडिया में जगह भी मिल चुकी है। दिनेश कार्तिक इस बार आरसीबी की टीम में शामिल हुए और उन्होंने यहां पर सबसे चमकदार प्रदर्शन करके दिखाया। उन्होंने आईपीएल के 2022 सीजन की 16 पारियों में 55 की औसत और 183.33 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ 330 रन बनाए। वे 10 बार नॉट आउट रहे जो दिखाता है कि वह किस हद तक विपक्षी टीमों पर भारी पड़ रहे थे।

स्टेडियम में 'डीके डीके' गूंजता रहा
हालांकि कार्तिक आरसीबी के अंतिम मैच यानी दूसरे क्वालीफायर में नहीं चल सके और उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा कार्तिक बहुत से मौके पर रन बनाने में कामयाब रहे और उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 66 रन रहा। कार्तिक ने इससे पहले एलिमिनेटर मुकाबले में नाबाद 37 रनों की पारी खेली थी जो 23 गेंदों पर आई थी। हम उनको सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लीग मैच में 8 गेंदों पर नाबाद 30 रनों की पारी खेलते हुए देख चुके।

लियाम लिविंगस्टोन: जल्लाद बल्लेबाज
एक और खिलाड़ी हैं लियाम लिविंगस्टोन जिन्होंने पूरे दुनिया को अपना नाम इस आईपीएल के जरिए बता दिया है। सच यह है कि लियाम लिविंगस्टोन कैरेबियाई खिलाड़ियों से भी अधिक विध्वंसक दिखाई देते हैं। उनको पंजाब किंग्स ने 11.5 करोड़ रुपए की मोटी रकम में खरीदा था और इस खिलाड़ी ने चार अर्धशतक के साथ 437 रन बनाए जिसमें 182 का जबरदस्त स्ट्राइक रेट भी रहा। लिविंगस्टोन को हम इस प्रतियोगिता में मोहम्मद शमी की गेंद पर मारे गए 117 मीटर के चक्के के लिए याद करते हैं। उन्होंने इस सीजन में 34 छक्के लगाए और जोस बटलर से ही पीछे रहे। उन्होंने अपनी स्पिन गेंदबाजी से भी सबको प्रभावित किया है और 27 रन देकर तीन विकेट के बेस्ट आंकड़ों के साथ 6 विकेट भी चटकाए हैं।

टिम डेविड: जल्लाद नंबर दो
टिम डेविड को मुंबई इंडियंस की टीम ने काफी देरी से खिलाया। यह कहीं न कहीं एमआई की भूल कहीं जाएगी जिनके लिए यह सीजन एक बुरे सपने सभी का ही साबित हुआ है। मुंबई इंडियंस ने सवा आठ करोड़ रुपए की रकम देकर टिम डेविड को लिया था लेकिन उनको पहला हाफ बीत जाने के बाद खिलाया गया। शुरुआती दौर में डेविड दो मुकाबलों में असफल रहे थे जिसके बाद उनको बेंच पर लंबे समय के लिए बैठाया गया था लेकिन बात में लगातार मौके दिए गए और डेविड ने एक से एक टॉप पारियां खेली।

काश मुंबई इंडियंस पहले ही खिला लेती
उन्होंने आठ पारियों में 216.27 के स्ट्राइक रेट के साथ 186 रन बनाए। उन्होंने 21 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेली, अगले मैच में 18 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेली और 11 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को जिताया। उन्होंने इस दौरान 16 छक्के लगाए और सबसे लंबा छक्का 114 मीटर का था जो आईपीएल के इस सीजन का दूसरा सबसे बड़ा छक्का था। मुंबई इंडियंस की टीम हमेशा बड़े-बड़े छक्कों के लिए कीरोन पोलार्ड पर निर्भर रही थी लेकिन अब उनके पास टिम डेविड के तौर पर एक और मैच विनर है।

शिमरोन हेटमायर
राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन में जबरदस्त प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, चाहे वह उनकी बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, सब कुछ उनके लिए क्लिक किया गया है और इसने उन्हें आईपीएल 2022 के फाइनल में पहुंचने में मदद की है। उनकी प्लेइंग इलेवन शिमरोन हेटमायर बहुत खास रहे।

हेटमायर के फिनिशिंग-कैमियो
आईपीएल के इस संस्करण में, उन्होंने 50.50 की औसत और 157.81 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 303 रन बनाए हैं। उन्हें राजस्थान रॉयल्स द्वारा 8.5 करोड़ की कीमत में खरीदा गया था। उन्होंने नाबाद 59 रन बनाने के अलावा 16 गेंदों में 31, 13 गेंदों में 27 और 17 गेंदों में 29 रनों का फिनिशिंग-कैमियो किया।
ये भी पढ़ें- IPL का बड़ा सीजन समाप्त, कई खिलाड़ियों ने छोड़ी छाप, किस सितारे को मिला कौन सा अवॉर्ड












Click it and Unblock the Notifications