'इसमें कोई शक नहीं वही बनेगा RCB का कप्तान', पूर्व क्रिकेटर्स ने बताया किसके हाथ में होगी बेंगलुरू की कमान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के लिये बेंगलुरू में आयोजित की गई दो दिवसीय नीलामी का समापन हो गया है और इस साल भाग लेने वाली सभी 10 टीमों ने अपने-अपने खिलाड़ियों का चयन कर लिया है। जहां 4 टीमों ने अपने सभी 25 खिलाड़ियों का चयन कर लिया है तो वहीं पर 6 टीमों ने 20 से ज्यादा प्लेयर्स खरीदे हैं। इस दौरान कई टीमें ऐसी भी थी जिन्हें अपने कप्तान की तलाश थी, हालांकि खरीदारी के बावजूद अभी तक इन टीमों ने अपने कप्तान का ऐलान नहीं किया है।

पंजाब किंग्स की टीम ने शिखर धवन को खरीदा है तो वहीं पर केकेआर की टीम ने श्रेयस अय्यर को जिन्हें माना जा रहा है कि वो अपनी-अपनी टीमों की कप्तानी करते नजर आयेंगे, हालांकि आरसीबी ने कई ऐसे खिलाड़ी लिये हैं जो कि टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं। ऐसे में यह सवाल लगातार उठ रहा है कि कौन सा खिलाड़ी विराट कोहली के बाद इस टीम की कमान संभाल सकता है।
और पढ़ें: सुबह बने पिता तो दोपहर में सच हुआ CSK के लिये खेलने का सपना, इस खिलाड़ी को मिली दोहरी खुशी

RCB के पास कप्तानी के 3 विकल्प मौजूद
उल्लेखनीय है कि आरसीबी की टीम के लिये विराट कोहली ने पिछले सीजन ही कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था, जिसके बाद टीम नया कप्तान ढूंढने की कोशिश कर रही थी। आरसीबी ने नीलामी में सीएसके की टीम के सलामी बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस को अपने खेमें में 7 करोड़ रुपये में शामिल कर लिया है जिसके बाद भारत के पूर्व क्रिकेटर्स सबा करीम और आकाश चोपड़ा का मानना है कि आरसीबी के लिये फाफ डुप्लेसिस से बेहतर दूसरा कप्तान नहीं हो सकता है। आरसीबी की टीम ने अपने खेमे में दिनेश कार्तिक और ग्लेन मैक्सवेल को भी शामिल किया है जो कि टीम के कप्तान बन सकते हैं, लेकिन आकाश चोपड़ा का मानना है कि आरसीबी ऐसा नहीं करेगी।

आकाश चोपड़ा ने बताया कौन बनेगा कप्तान
आकाश चोपड़ा ने इस पर बात करते हुए कहा,'मेरे विचार में डुप्लेसिस ही आरसीबी की टीम के अगले कप्तान बनने वाले हैं, यह 100 प्रतिशत तय है। वो इसका ऐलान करते हुए नजर आयेंगे, पक्का, ऐसा नहीं होता तो वो उनके लिये नीलामी में इतनी मेहनत नहीं करते क्योंकि ओपनर्स के लिये उनके पास और भी विकल्प मौजूद हैं। अगर उन्हें ओपनर चाहिये होता तो वो जॉनी बेयरस्टो, जेसन रॉय या फिर क्विंटन डिकॉक और वॉर्नर जैसे प्लेयर्स के लिये जा सकते थे। उन्होंने फाफ को देखते ही यह जान लिया था कि वो उनके कप्तान होने वाले हैं। उनका रिकॉर्ड जबरदस्त है, वो अपने साथ निरंतरता और संतुलन लेकर आते हैं। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय नहीं होना भी उनके पक्ष में ही काम कर रहा है।'

दिमाग लगाने का सवाल ही नहीं है
वहीं पूर्व विकेटकीपर सबा करीम ने भी आकाश चोपड़ा की बात पर सहमति जताते हुए कहा कि इसमें कोई दिमाग लगाने वाली बात नहीं है कि आरसीबी डुप्लेसिस को अपना नया कप्तान बनाने का ऐलान करती नजर आयेगी।
उन्होंने कहा,'यह कोई दिमागी सवाल नहीं है, आरसीबी फाफ डुप्लेसिस को ही अपना कप्तान बनायेगी और इसी के लिये वो उनके पीछे आक्रामक रूप से नीलामी में गई थी। वह टीम की कमान संभालने के नंबर 1 कैंडिडेट हैं।'












Click it and Unblock the Notifications