सुबह बने पिता तो दोपहर में सच हुआ CSK के लिये खेलने का सपना, इस खिलाड़ी को मिली दोहरी खुशी
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाडी शिवम दुबे के लिये रविवार का दिन दोहरी खुशी लेकर आया। लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे इस खिलाड़ी को लेकर दिग्गजों का मानना है कि वह अगले युवराज सिंह बन सकते हैं और मध्यक्रम में आकर वो पारियां खेल सकते हैं, जो कि पूर्व बायें हाथ का बल्लेबाज खेला करता था। इसी टैलेंट को देखते हुए भारतीय चयनकर्ताओं ने शिवम दुबे को भारतीय टीम में कई मौके भी दिये लेकिन उन मौकों का फायदा उठा पाने में वो नाकाम रहे।

हालांकि इस दौरान उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका जरूर मिलता रहा है। आरसीबी की तरफ से डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी को पिछले सीजन राजस्थान की टीम ने खरीदा था लेकिन खराब प्रदर्शन करने के बाद इस सीजन उन पर बोली नहीं लगायी। ऐसे में इस खिलाड़ी के भविष्य को लेकर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे थे। इस बीच रविवार (13 फरवरी) का दिन उनके जीवन में दोहरी खुशी लेकर आया।
और पढ़ें: IPL 2022: नीलामी के बाद जानें कैसी है हर टीम की सबसे मजबूत प्लेइंग 11

शिवम दुबे के घर हुआ लड़के का जन्म
भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी शिवम दुबे और उनकी अंजुम खान के लिये दिन की शुरुआत पैरेंटस बनने से हुई जब उनकी पत्नी ने एक लड़के को जन्म दिया। शिवम दुबे ने इस खुशखबरी को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए अपनी पत्नी और बच्चे की एक प्यारी सी तस्वीर भी शेयर की। शिवम दुबे ने 17 जुलाई 2021 को अंजुम खान के साथ लंबे समय तक डेट करने के बाद शादी की। निजी जीवन में जहां शिवम दुबे को अभी पिता बनने की खुशी मिली थी तो वहीं पर आईपीएल 2022 के लिये बेंगलुरू में जारी मेगा नीलामी से उन्हें प्रोफेशनल स्तर पर भी दूसरी खुशखबरी मिली।

सीएसके में खेलने का सच हुआ सपना
आईपीएल 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिये अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद शिवम दुबे को ज्यादा बड़ी डील मिलने की संभावना नहीं थी, हालांकि उन्हें अपनी पसंदीदा टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खेलने का मौका मिलेगा इस बात की भी उम्मीद नहीं थी। हालांकि नीलामी के दौरान सीएसके ने उन पर भरोसा दिखाया और 4 करोड़ रुपये देकर अपने खेमे से जोड़ लिया। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में कई युवा खिलाड़ियों की किस्मत बदली है, ऐसे में शिवम दुबे का सीएसके के साथ जुड़ना उनकी किस्मत को बदल कर रख सकता है। सीएसके अपने खेमे में ऑलराउंडर्स को रखना पसंद करती है ऐसे में शिवम दुबे टीम के भविष्य के साथ काफी अच्छा विकल्प बनते हुए नजर आ रहे हैं।

सीएसके ने पुराने खिलाड़ियों को वापस लाने पर दिया जोर
गौरतलब है कि नीलामी के दौरान सीएसके की टीम अपने पुराने खिलाड़ियों को वापस लाने पर जोर देती हुई नजर आयी। एमएस धोनी, ऋतुराज गायकवाड़, मोइन अली और रविंद्र जडेजा को नीलामी से पहले रिटेन करने के बाद सीएसके ने डीजे ब्रावो, रॉबिन उथप्पा, अंबति रायडु, दीपक चाहर और एन जगदीशन को भी वापस शामिल किया। दीपक चाहर के लिये तो सीएसके ने अपने नीलामी इतिहास की सबसे बड़ी बोली (14 करोड़) लगाकर फिर से खेमे में शामिल किया। सीएसके की टीम इस सीजन अपना खिताब डिफेंड करने के लिये उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications