IPL 2022 के फैन्स के लिये गुड फ्राइडे बना बैड, एक साथ 3 टीमों के लिये आई बुरी खबर
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 25वां मुंबई के ब्रॉबोर्न स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच खेला जाना है, जिसको लेकर दोनों टीमें स्टेडियम पहुंच गई हैं। हालांकि इस अहम मैच से पहले क्रिकेट फैन्स के लिये आईपीएल से 3 परेशान करने वाली बड़ी खबरे आई हैं, जिससे न सिर्फ केकेआर बल्कि दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टीमें भी प्रभावित होती नजर आ रही हैं। जहां केकेआर की टीम आज मैदान पर उतर रही है तो वहीं पर दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को शनिवार को मैदान पर उतरना है।


दिल्ली के फिजियो को हुआ कोरोना
इस फेहरिस्त में सबसे पहली खबर दिल्ली कैपिटल्स के खेमे से है जिसके फिजियो पैट्रिक फर्हार्ट कोरोना वायरस की रिपोर्ट में पॉजिटिव पाये गये हैं, जिसके बाद उन्हें होटल में क्वारंटीन कर दिया गया है। टीम के बाकी सदस्यों का भी टेस्ट कराया गया है लेकिन उनकी रिपोर्ट नेगेटिव ही आई है। फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की मेडिकल टीम उनकी हालत पर नजदीकी से नजर बनाये हुए है।

सीएसके की टीम से चाहर पूरे सीजन के लिये हुए बाहर
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के फैन्स की उन उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है जिसके अनुसार वो अपने तेज गेंदबाज दीपक चाहर की वापसी की उम्मीद कर रहे थे। दीपक चाहर आईपीएल 2022 के पूरे सीजन से आधिकारिक रूप से बाहर हो गये हैं। दीपक चाहर चोट से उबरकर एनसीए में रिहैब कर रहे थे, जहां से उनके महीने के अंत तक टीम के साथ जुड़ने की उम्मीद थी लेकिन पिछले हफ्ते दोबारा पीठ में चोट आने की वजह से अब वो पूरी तरह से सीजन से बाहर हो गये हैं। सीएसके की टीम उनकी गैरमौजूदगी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है और पहले 4 मैचों में हार के बाद आरसीबी के खिलाफ अपना पहला मैच जीता।

केकेआर के लिये रसिख सलाम भी पूरे सीजन के लिये हुए बाहर
कोलकाता नाइट राइडर्स के फैन्स को तीसरा झटका लगा है जिसके तेज गेंदबाज रसिख सलाम लोअर बैक इंजरी के चलते पूरे सीजन के लिये बाहर हो गये हैं। रसिख सलाम ने पिछले 2 मैचों में केकेआर की ओर से शिरकत करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन चोट के चलते वो अब इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन पायेंगे। केकेआर की टीम ने रसिख सलाम के रिप्लेसमेंट के रूप में दिल्ली के हर्षित राणा को टीम से जोड़ा है जिनका बेस प्राइस 20 लाख रुपये है।












Click it and Unblock the Notifications