पृथ्वी शॉ की आतिशी, वार्नर की वापसी, ठाकुर का कैमियो, दिल्ली ने बनाया सीजन का सर्वोच्च स्कोर
मुंबई, 10 अप्रैल: दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आईपीएल के 19वें मैच में केकेआर के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए। रनों के लिए बढ़िया पिच पर टॉस जीतने के बाद केकेआर ने गेंदबाजी का फैसला किया था जो फिलहाल तो दिल्ली की टीम ने विफल कर दिया है। वार्नर और पृथ्वी शॉ की दी बेहतरीन नींव पर दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत, अक्षर पटेल और शार्दुल ठाकुर के कैमियों के दम पर केकेआर के सामने 216 रनों का टारगेट रखा है। दिल्ली ने इसके साथ ही आईपीएल 2022 का सबसे बड़ा स्कोर भी बना दिया है क्योंकि उन्होंने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए।
यह भी पढ़ें- IPL 2022: KKR के खिलाफ अपने तूफानी इतिहास में पृथ्वी शॉ ने जोड़ी एक और आंधी

पृथ्वी शॉ और डेविड वार्नर की दमदार शुरुआत-
टॉस हारने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा था कि यह विकेट इतना अच्छा है कि वह इस पर पहले बल्लेबाजी करने में कोई बुराई नहीं देखते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के ओपनिंग बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ ने पंत की बात को सही साबित कर दिया जब उन्होंने देखते ही देखते ताबड़तोड़ अंदाज दिखाना शुरू कर दिया। पावर प्ले में इन दोनों बल्लेबाजों की जोड़ी में 68 रन जोड़ दिए थे जिसके बाद पृथ्वी शॉ ने टूर्नामेंट के इस सीजन में अपना दूसरा अर्धशतक भी पूरा किया। हालांकि उसके बाद पृथ्वी वरुण चक्रवर्ती की शानदार गेंद पर बोल्ड हो गए।

दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों के अर्धशतक
केकेआर के खिलाफ बड़े रिकॉर्ड रखने वाले पृथ्वी शॉ ने 29 गेंदों पर 7 चौके व दो छक्के लगाए और 51 रनों की पारी खेली। इसके बाद आए पंत ने पिछले मैच से सबक लेते हुए इस बार तेज पारी खेलने के लिए पहले ही हाथ खोलने शुरू कर दिए थे। पंत ने बेहतरीन शॉट लगाए जिसमें पैटकमिंस पर लगाया गया उनका छक्का बहुत ही बेहतरीन था। लेकिन पंत अपनी पारी को ज्यादा लंबा नहीं खींच सके और 27 रनों की पारी खेलकर आउट हुए।

बीच में पारी लड़खड़ाई-
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए ललित यादव केवल 1 रन बनाकर नरेल की गेंद पर पगबाधा हो गए तो वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज रॉवमन पॉवेल भी 8 रनों पर नरेन का शिकार बने। इन विकेटों ने कोलकाता नाइट राइडर्स को काफी राहत दी वर्ना स्कोर काफी बड़ा हो सकता था। इसी बीच डेविड वॉर्नर ने आईपीएल के पिछले सीजन की विफलता से उभरते हुए मौजूदा सीजन के अपने दूसरे मुकाबले में ही फॉर्म वापसी के संकेत दे गए हैं।
वार्नर ने आईपीएल 2022 में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया हालांकि वे अपनी पारी को बहुत लंबा नहीं खींच पाए और डेथ ओवर में आउट हो गए। वार्नर ने 45 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेली जिसमें 6 चौके मारने के प्रयास में उमेश यादव को इस सीजन का दसवां विकेट भी दिया।

शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल ने ने रिकॉर्ड स्कोर पहुंचाया
उमेश यादव के लिए उनका चौथा ओवर भारी पड़ा क्योंकि शार्दुल ठाकुर ने दो शानदार छक्के व अक्षर पटेल ने एक छक्का लगाकर फिर से मैच की लय को दिल्ली के पक्ष में किया। उमेश इस हद तक खर्चीले साबित हुए कि उनके अंतिम ओवर में 23 रन बने।
अब तक शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल के हाथ खुल चुके थे। दोनों खिलाड़ियों ने आखिरी ओवर में भी खूब रन बटोरे। ठाकुर 11 गेंदों पर 29 रन बनाकर नाबाद रहे, अक्षर पटेल 11 गेंदों पर 22 रन बनाकर नाबाद रहे।












Click it and Unblock the Notifications