IPL 2022: KKR के खिलाफ अपने तूफानी इतिहास में पृथ्वी शॉ ने जोड़ी एक और आंधी
मुंबई, 10 अप्रैल: आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला चल रहा है जहां पर केकेआर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पारी की शुरुआत पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर की जोड़ी ने की, जहां उनके सामने उमेश यादव और पैट कमिंस जैसे बहुत ही अच्छे तेज गेंदबाज थे। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के ओपनरों ने इस दौरान किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और पृथ्वी ने आगे बढ़कर अगुवाई करते हुए पावर प्ले में कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों की खटिया खड़ी कर दी। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले पावर प्ले में बिना किसी नुकसान के 68 रन बना लिए थे।

सीजन 2022 में जारी है पृथ्वी शॉ की आंधी
पावर प्ले के बाद भी पृथ्वी अपने रौद्र रूप में जारी रहे और उन्होंने अपना तेज अर्धशतक पूरा कर लिया। अपनी हाफ सेंचुरी में 7 चौके व दो छक्के लगाए। इस दौरान वार्नर भी लगातार अपने बढ़िया शॉट खेलते रहे और उन्होंने कुछ बेहतरीन रिवर्स स्वीप करके केकेआर के गेंदबाजों के मनोबल को कम करने का काम किया।
यह आईपीएल के मौजूदा सीजन में पृथ्वी शॉ का दूसरा अर्धशतक है और उन्होंने 170 से भी ऊपर के स्ट्राइक रेट से अभी तक बल्लेबाजी करने में कामयाबी हासिल की है।

केकेआर के खिलाफ तूफानी रिकॉर्ड
पृथ्वी शॉ कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बल्लेबाजी करना खासतौर पर पसंद करते हैं। अगर हम कोलकाता नाइट राइडर्स और पृथ्वी के बीच खेले गए पिछले छह मुकाबलों पर नजर डालें तो इस खिलाड़ी ने काफी सफलता हासिल की है। पिछले छह मुकाबलों में पृथ्वी शॉ ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चार अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की है।

केकेआर के खिलाफ लगातार 7वीं पारी में दहाई का आंकड़ा
शॉ ने केकेआर के खिलाफ पिछले मुकाबले में 62 रन बनाए थे जबकि उससे पहले के मुकाबले में वे केवल 1 रन से शतक से चूक गए थे। इससे पहले के मैच में वे ज्यादा सफल नहीं रहे लेकिन उससे पहले के मैच में उन्होंने 66 रनों की पारी खेली थी और इससे पहले खेले गए मुकाबले में 82 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। शॉ के केकेआर के खिलाफ खेले गए पिछले छठे मुकाबले में 18 रन बनाए थे।
इस प्रकार शॉ ने केकेआर के खिलाफ लगातार 7वीं पारी में दहाई का आंकड़ा छूने में कामयाबी हासिल की।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है-
दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर, ऋषभ पंत (w/c), रोवमैन पॉवेल, सरफराज खान, ललित यादव, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मुस्तफिजुर रहमान, खलील अहमद
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (c), सैम बिलिंग्स (w), नीतीश राणा, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, पैट कमिंस, उमेश यादव, रसिख सलाम, वरुण चक्रवर्ती












Click it and Unblock the Notifications