CSK vs RCB: डुप्लेसिस ने चेन्नई के खिलाफ जीता टॉस, सुयश प्रभुदेसाई को कराया डेब्यू
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 22वां मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम पर आईपीएल की दो सबसे बेहतरीन टीमों के बीच खेला जा रहा है, जहां पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपनी पहली जीत की तलाश में उतरी है तो वहीं पर आरसीबी की टीम अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। सीएसके की टीम के लिये यह आईपीएल के इतिहास का 200वां मैच है, जहां पर कप्तान रविंद्र जडेजा हर हाल में जीत हासिल करना चाहेंगे।

सीएसके और आरसीबी के बीच खेला जा रहा यह मैच उसी पिच पर खेला जा रहा है, जहां पर हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच पिछला मैच आयोजित किया गया था। ऐसे में यहां पर पिच काफी धीमा नजर आ सकता है और स्पिनर्स को फायदा मिल सकता है। दूसरी पारी में बल्लेबाजों को ओस का फायदा मिल सकता है।
और पढ़ें: IPL 2022: जीत की राह पर लौटने के लिये मुंबई को करने होंगे 3 अहम बदलाव, वरना फिर मिलेगी हार

टॉस जीतकर क्या बोले डुप्लेसिस
ओस की भूमिका को देखते हुए आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कप्तान डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर कहा कि ऐसा लग रहा है कि मैं आज अपने भाई के खिलाफ मैच खेलने उतर रहा हूं। हम यहां पर एक बढ़िया मैच देखने की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं रविंद्र जडेजा ने टॉस हारने पर थोड़ी निराशा जताते हुए कहा कि अच्छा लगता अगर टॉस में जीत मिलना शुरू हो जाती। जडेजा ने साफ किया कि अगर वो टॉस में जीत हासिल करते तो वो भी गेंदबाजी करने जाते।

प्रभुदेसाई को दिया डेब्यू का मौका
फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतने के बाद अपनी टीम में 2 बदलाव किये हैं और डेविड विली की जगह जोश हेजलवुड को मौका दिया गया है तो वहीं पर हर्षल पटेल की जगह सुयश प्रभुदेसाई को डेब्यू करने का मौका दिया गया है। हर्षल पटेल के परिवार में निधन होने के चलते वो बायोबबल छोड़कर जा चुके हैं, इसी के चलते बैटिंग ऑलरांडर सुयश प्रभुदेसाई को मौका दिया गया है। वहीं सीएसके की टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

जानें कैसी है प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (प्लेइंग इलेवन): फाफ डु प्लेसिस (सी), अनुज रावत, विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक (डब्ल्यू), शाहबाज अहमद, वनिन्दु हसरंगा, जोश हेजलवुड, मोहम्मद सिराज, सुयश प्रभुदेसाई, आकाश दीप।
चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): रॉबिन उथप्पा, रुतुराज गायकवाड़, मोइन अली, अंबाती रायुडू, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा (कप्तान), एमएस धोनी (डब्ल्यू), ड्वेन ब्रावो, क्रिस जॉर्डन, महेश थीक्षाना, मुकेश चौधरी।












Click it and Unblock the Notifications