IPL 2022 : पूरी दिल्ली टीम का हुआ कोरोना टेस्ट, जानिए क्या रही रिपोर्ट

नई दिल्ली। चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स के बायो-बबल के अंदर कोरोना प्रवेश कर गया था, जिस कारण मिशेल मार्श को अस्पताल भी ले जाना पड़ा। मार्श और टिम सीफर्ट सहित उनके दल के छह सदस्यों को कोरोना हुआ था, जिस कारण बीसीसीआई ने पूरी टीम का फिर टेस्ट किया। राहत भरी बात यह है कि गुरुवार (21 अप्रैल) सुबह किए गए आरटी-पीसीआर टेस्ट में पूरे दल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
अब दिल्ली को अपना अगला मैच 22 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलना है। यह मैच पहले पुणे के एमसीए स्टेडियम में होने वाला था। लेकिन कोरोना के चलते इसे वानखेड़े स्टेडियम में करवाया जाएगा। घटनाक्रम के करीबी सूत्र ने क्रिकबज को बताया, "टेस्ट गुरुवार सुबह किए गए और दिल्ली टीम में कोई नया मामला नहीं है।" उन्होंने यह भी खुलासा किया कि खिलाड़ियों को शुक्रवार (22 अप्रैल) सुबह टेस्ट के एक और नए दौर से गुजरना होगा।
यह भी पढ़ें- सुरेश रैना को भगवान मानता है ये युवा गेंदबाज, बताया कैसे मिली पहचान
पैट्रिक फरहत (फिजियोथेरेपिस्ट), चेतन कुमार (स्पोर्ट्स मसाज थेरेपिस्ट), मिशेल मार्श (खिलाड़ी), डॉ अभिजीत साल्वी (टीम डॉक्टर), आकाश माने (सोशल मीडिया कंटेंट टीम के सदस्य) और टिम सीफर्ट (खिलाड़ी) कोरोना की चपेट में आए थे। वे इस समय 7 दिन के आइसोलेशन पीरियड से गुजर रहे हैं।
इस बीच, यह भी बताया गया है कि पंजाब किंग्स टीम का भी टेस्ट किया जाएगा और उनका अगला मैच 25 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ है। पंजाब ने अपना पिछला मैच कैपिटल्स के खिलाफ नौ विकेट से गंवा दिया था। वह अब तक सात में से चार मैच हारकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर है।












Click it and Unblock the Notifications