IPL 2022: साउथ अफ्रीका या श्रीलंका में से कहां खेला जायेगा 15वां सीजन, बदल सकता है मेगा ऑक्शन का वेन्यू

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन की तैयारियां इस समय जोरों पर हैं तो वहीं पर फैन्स भी टूर्नामेंट से जुड़ी खबरों पर अपनी नजर बनाये हुए हैं। आईपीएल 2022 में 8 के बजाय 10 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं, जिसके लिये बीसीसीआई ने दो नई टीमों अहमदाबाद और लखनऊ को लेटर ऑफ इंटेट दे दिया है, जिसके बाद दोनों टीमें नीलामी से पहले 3-3 खिलाड़ियों को ड्रॉफ्ट करने की प्रक्रिया पर काम कर रही है। इस बीच बीसीसीआई ने 22 जनवरी को इंडियन प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने वाली टीम के मालिकों के साथ एक बैठक करने का फैसला किया है। बीसीसीआई अधिकारियों और टीम मालिकों के बीच होने वाली यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये दोपहर में आयोजित की जानी है, हालांकि समय को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के मेजबानी स्थल को तय करना रहने वाला है। बीसीसीआई ने पहले ही साफ कर दिया है कि वो आईपीएल 2022 का आयोजन भारत में ही कराना चाहती है लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसे देश से बाहर भेजा जा सकता है। इसी को देखते हुए बीसीसीआई ने इस साल यूएई के बजाय साउथ अफ्रीका और श्रीलंका को स्टैंड बाय वेन्यू के तौर पर रखा हुआ है।
और पढ़ें: U19 WC 2022: कोरोना प्रभावित भारतीय टीम की मदद करेगा BCCI, 5 रिजर्व खिलाड़ी बनेंगे टीम का हिस्सा
इस बैठक में बीसीसीआई दोनों में से किसी एक स्थान के नाम पर मुहर लगाता हुआ नजर आयेगा। 2009 के आम चुनावों के चलते आईपीएल के दूसरे सीजन को साउथ अफ्रीका में पहले भी आयोजित कराया जा चुका है, ऐसे में 12 साल बाद एक बार फिर से आईपीएल की मेजबानी वहां दी जा सकती है। इस बीच आईपीएल टीम के मालिकों को बैठक के लिये आधिकारिक जानकारी मिलना बाकी है।
कई सारे फ्रैंचाईजी के अधिकारियों ने इस पर बात करते हुए कहा कि यह बैठक 22 जनवरी को आयोजित की जानी है, हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिरकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं क्रिकबज से बात करते हुए आईपीएल के चेयरमैन बृजेश पटेल ने कहा कि यह बैठक 22 जनवरी को ही आयोजित की जायेगी।
और पढ़ें: पाकिस्तान सुपर लीग पर मंडरा रहा है कोरोना का खतरा, अगर हुआ ऐसा नहीं तो खेला जायेगा PSL 2022
गौरतलब है कि इस बीच आईपीएल 2022 के लिये होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी के स्थान को भी बदला जा सकता है। फिलहाल आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी 12-13 फरवरी को बेंगलुरू में की जानी थी लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसे बदलने पर विचार किया जा सकता है। बीसीसीआई मेगा नीलामी के लिये मुंबई को एक विकल्प के तौर पर देख रही है।
आपको बता दें कि इस बैठक में लखनऊ और अहमदाबाद की टीम के मालिक भी पहली बार टूर्नामेंट की मीटिंग में हिस्सा लेते हुए नजर आयेंगे।लखनऊ की टीम के मालिक संजीव गोयन्का पहले भी 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस के साथ टूर्नामेंट बन चुके हैं लेकिन अहमदाबाद के मालिक अमित सोनी और सिद्धार्थ पटेल पहली बार टूर्नामेंट में हिस्सा लेते नजर आयेंगे।












Click it and Unblock the Notifications